फारेंसिक जांच में गोमांस की पुष्टि, भाजपा से निकाला

नागपुर, महाराष्ट्र के नागपुर में बुधवार को गोमांस ले जा रहे भाजपा नेता सलीम शाह (32) की गोरक्षकों ने बुरी तरह पिटाई कर दी थी| नागपुर की फोरेंसिक लैब ने पुष्टि की है कि भाजपा नेता के पास से बरामद किए गए मांस के टुकड़े वास्तव में गाय के ही थे| सलीम शाह बीते 12 सालों से भाजपा से जुड़े हैं और वह काटोल तहसील भाजपा की अल्पसंख्यक इकाई के प्रभारी रह चुके हैं। इसके बाद सलीम शाह को पार्टी से निकाल दिया गया है| भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव पोटदार ने बताया कि शाह के निष्कासन संबंधी पत्र भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को सलीम शाह अपने स्कूटर पर 15 किलो गो मांस ले जा रहे थे। गोरक्षकों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने शाह को रोका और उनकी जम कर पिटाई कर दी| गोरक्षकों की शिकायत पर पुलिस ने सलीम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया| इसके बाद सलीम शाह ने भी क्रॉस एफआईआर दर्ज करायी| जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है|
इस घटना के बाद नागपुर पुलिस अधीक्षक शैलेश बालकावड़े ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक हिंसा भड़काने के संबंध में चेतावनी जारी की| हालांकि उनकी इस चेतावनी से शाह की पिटाई करने वाले गोरक्षकों पर कोई असर नहीं पड़ा। वह इस घटना का वीडियो वॉट्सएप पर शेयर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *