लहार से कांग्रेस की ललकार, 2018 में कांग्रेस सरकार,,पाप के घड़े फोड़े

भिंड, लहार में कांग्रेस के किसान और युवा क्रांति सम्मेलन में दिग्गजों का जमावड़ा लगा रहा| ट्रेक्टर ट्रॉलियों से किसान सम्मलेन में पहुंचे| एक मंच पर कांग्रेस के दिग्गजों ने हाथ उठाकर एकजुटता का सन्देश दिया| सिंधिया के राजपुरोहित ने स्वस्तिवाचन के साथ सम्मेलन का आगाज किया। शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए शंख बजाकर शंखनाद किया । लहार विधायक डॉ गोविंद सिंह ने भी शंख फूंका । मंच के नीचे मंदसौर गोलीकांड में मारे गए 6 किसानों की तस्वीरें लगाई गई थी| सबसे पहले किसानों के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित किये गए| जिसके बाद सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के कहने पर तस्वीरें हटा दी गई| मंच से सभी नेताओं ने एक सुर में भाजपा को प्रदेश से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया और घोटाले भ्रष्टाचार और किसान आंदोलन पर सरकार को जमकर कोसा| मिशन 2018 को लेकर भी कांग्रेस ने दावा किया कि भाजपा की सरकार अब दुबारा नहीं आएगी| अगले विधानसभा में कांग्रेस की सरकार ही बनेगी| कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री मोहन प्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर सहित हजारों की संख्या में कोंग्रेसी मौजूद थे।
गोविंद सिंह ने किया शंखनाद
लहार विधायक डॉ गोविंद सिंह ने कार्यक्रम का शंखनाद किया| उन्होंने स्वर्गीय माधवराव सिंधिया को याद किया| इस दौरान गोविन्द सिंह ने मंच से कहा डबरा सम्मेलन में जिस प्रकार माधवराव जी ने शंखनाद किया था उसी प्रकार आज लहार मैं किया गया है|
तन्खा बोले-सरकार बनी तो किसानों पर दर्ज झूठे मुकद्दमे वापस होंगे
किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए सांसद विवेक तन्खा बोले प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी तो किसानों पर दर्ज झूठे मुकद्दमे वापस ले लिए जाएंगे| प्रदेश में कुपोषण को लेकर भी सरकार पर हमला बोलते हुए तन्खा ने कहा प्रदेश में कुपोषण तेजी से बढ़ रहा है| अस्पतालों में डॉक्टर नहीं है| स्कूल भी लगभग बंद है | मध्य प्रदेश फैल हो चुका है शिवराज सरकार में| इस दौरान बोलते हुए सांसद विवेक तन्खा की जुबान भी फिसल गई| तन्खा बोले दिसम्बर 1918 में प्रदेश सरकार को बदलना है| जबकि चुनाव 2018 में है, तन्खा 100 साल पीछे चले गए| सभी कांग्रेस नेताओं ने विवेक तन्खा के भाषण के बाद एकता का संदेश दिया और मंच पर एक दूसरे का हाथ उठाया| जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए|
नेता प्रतिपक्ष ने शिवराज पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मंच से सम्बोधित करते हुए कहा कि 2018 में कांग्रेस सरकार बनेगी, 5 हॉर्स पावर बिजली माफ होगी, एक बत्ती कनेक्शन मुफ्त मिलेगी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कटाक्ष करते हुए बोले – मुख्यमंत्री ऐसा किसान है जो हर हफ्ते हेलीकॉटर से अपनी खेती देखने विदिशा जाता है| व्यापम घोटाले पर भी सरकार को घेरते हुए कहा व्यापम घोटाले में शिवराज युवाओं की एक पूरी पीढ़ी खा गए |
यादव बोल किसानों की उपेक्षा कर रहे मोदी-शिवराज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव बोले मोदी ओर शिवराज प्रदेश के किसानों की उपेक्षा कर रहे हैं| जिस दिन मंदसौर में 6 किसान शहीद हुए उस समय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जर्मनी में फ़िल्म स्टार प्रियंका चौपड़ा के साथ फोटो खिंचवाने में व्यस्त थे|
कर्ज माफी करना कोई खैरात नही, किसानों का हक़
कांग्रेस महासचिव मोहन प्रकाश बोले – किसान की कर्जमाफी करना कोई खैरात नही, उसका हक है, राहुल के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकेगी, इस दौरान उन्होंने किसान की फसल की कीमत चेक से नही नगद भुगतान करने की भी मांग रखी| फ़िल्म स्टार व उत्तरप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर बोले – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मंदसौर ही नही प्रदेश भर में आत्महत्या करता किसान नही दिख रहा है| शिवराज ने नौजवानों को नौकरी के नाम पर झांसा दिया है |
शिवराज सरकार के घोटालों के घड़ों को फ़ूडवाया
लहार सम्मेलन में किसानों के हाथ से शिवराज सरकार के घोटालों के प्रतीक 6 मिट्टी के घड़ों को फ़ूडवाया गया| खनन घोटाला, खाद बीज घोटाला, डंपर घोटाला, झूठी घोषणा घोटाला और व्यापम घोटाले तथा सिंहस्थ घोटाले के घड़े फुड़वाये गए|
शहीद लिखकर लगाई तस्वीर
मंदसौर में मारे गए किसान अभिषेक पाटीदार, सत्तनारायन पाटीदार, चेनाराम पाटीदार, पूनमचंद पाटीदार, घनश्याम धाकड़, और कन्हैयालाल पाटीदार के फोटो लगाए गए| फोटो पर पुष्प अर्पित किये गए| मंच पर पैरों के नीचे लगी हुई फोटोज को सिंधिया के कहने पर बाद में हटा दिया गया|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *