नाथ गरजे- साढ़े 13 साल से नौटंकी कर रहे शिवराज, सिंधिया बोले- मप्र को शव राज मत बनाओ

भोपाल/खलघाट/मंदसौर,मध्य प्रदेश में किसानों के हक की लड़ाई में कांग्रेस भी शामिल हो गई है। भोपाल में 72 घंटे का सत्याग्रह करने के बाद गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया धार जिले के खलघाट पहुंचे। उनके साथ छिंदवाड़ा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलना भी थे। ये दोनों नेता खलघाट के बाद मंदसौर में मृतक किसानों के घर भी पहुंचे और उनके हक की लड़ाई में शामिल होने की बात कहीं। गौरतलब है कि प्रदेश में करीब डेढ़ साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में कांग्रेस को किसानों का सहारा मिल गया है। अब कांग्रेस ने पूरी तरह कमर कस ली है। इसी के तरत किसान आंदोलन के जरिए हित साधने में लगी कांग्रेस धार जिले के खलघाट में जेल भरो आंदोलन किया। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित बड़ी तादाद में कांग्रेसी कार्यकर्ता व किसान पहुंचे। यहां सिंधिया ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज ने नर्मदा मैया को खोखला बना दिया है। उन्होंने एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान के उपवास को ड्रामेबाजी बताया। शिवराजसिंह चौहान जब सत्ता में आए थे, तब उन्होंने किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन इतने सालों के बाद भी फसलों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इतने सालों के शासन के बाद भी किसानों को उनके उत्पादन का सही दाम नहीं मिलता है। सिंधिया ने कहा कि शिवराज के शासन काल में प्रदेश को शव राज बनाने का काम नहीं होना चाहिए।
हजारों किसान कांग्रेस के साथ आए
आंदोलन में शामिल होने के लिए धार, मनावर, कुक्षी, बड़वानी, खरगोन, इंदौर सहित कई जिलों से हजारों की संख्या में किसान व कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। आंदोलन में मोहन प्रकाश, बाला बच्चन, प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, मुजीब कुरैशी, मंदसौर विधायक, हार्दिक पटेल के साथी वरुण पटेल, मोहनसिंह बुंदेला सहित अन्य नेता मंच पर पहुंचे।
दिग्विजय सिंह नहीं पहुंचे
मंच से प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार को जमकर खरी खोटी सुनाई। इस जेल भरो आंदोलन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। दिग्विजय सिंह को छोड़कर प्रदेश के अन्य शीर्ष कांग्रेस नेता यहां पहुंचे। खलघाट के पास जुलवानिया में सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। वहीं खरगोन की ओर से आने वाजे वाले सभी वाहनों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी इलाके में गश्त बढ़ा दी।
प्रोयोजित था मुख्यमंत्री का उपवास : नाथ
खलघाट में जेल भरो आंदोलन में शामिल होने पहुंचे सांसद कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री के उपवास को प्रायोजित और नौटंकी करार देते हुए कहा कि शिवराज सिंह साढ़े तेरह सालों से नौटंकी और कलाकारी की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की मौत का मुद्दा कांग्रेस हर घर तक ले जाएगी।
धार में किसान ने दी जान
होशंगाबाद में आत्महत्या की कोशिश
-10 किसान कर चुके जीवन समाप्त
किसान आंदोलन के बाद मध्यप्रदेश में किसानों की आत्महत्या करने का सिलसिला जारी है। शनिवार को धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में एक किसान ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक किसान जगदीश मोरी पर लाखों रुपए का कर्ज हो गया था। इसके अलावा होशंगाबाद जिले में भी एक किसान ने खुद को आग के हवाले कर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। किसान पर करीब सात 7 लाख 30 हजार रुपए का कर्ज था।
ऋण वसूली का कोई दबाव नहीं बना रहे : बिसेन
कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि किसानों से कर्ज वसूलने में किसी तरह का कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है।
बाक्स – मुख्यमंत्री शिवराज ने रद्द किया रूस दौरा
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 18 जून को छह दिनों के लिए रूस जाने वाले थे, लेकिन किसान आंदोलन के कारण यह दौरा रद्द कर दिया है। प्रदेश में बढ़ते किसान आंदोलन और कांग्रेस के आक्रामक रुख को देखते हुए शिवराज ने यह निर्णय लिया है। 16 जून को ही किसानों ने मंदसौर गोलीकांड के विरोध और अपनी मांगों को लेकर हाईवे जाम कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *