भाजपा शासित राज्यों में इतनी हिंसा क्यों : राहुल

नई दिल्ली, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवालों की झड़ी लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के शासन वाले राज्यों में अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। वहां कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पर जवाब देना चाहिए। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने हाल में झारखंड में तीन लोगों की भीड़ द्वारा पीट पीट कर की गई हत्या का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा के शासन वाले कई राज्यों में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है और लोग अराजकता पर उतर आएं हैं। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा शासित राज्यों राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अब झारखंड में अराजकता का माहौल है और वहां कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो रही है। क्या प्रधानमंत्री इसका जवाब देंगे। इस संबंध में उन्होंने अखबार में छपी खबर को भी पोस्ट किया है जिसमें लिखा है कि यह तस्वीर झारखंड की है, जहां हाथ पांव बंधे और खून से लथपथ व्यक्ति उसे पीटने वाली भीड़ से जीवन की भीख मांग रहा है। बता दें कि झारखंड के जमशेदपुर में भीड़ ने दो दिन पहले बच्चा चुराने का आरोप लगाकर तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *