सामूहिक दुष्कर्म के बारे में सूचना देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम देगी पुलिस

गुड़गांव, गुड़गांव में उत्तर- पूर्व की महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में अभी तक पुलिस को आरोपियों के बारे में कोई सुराग नही मिला है। पुलिस तकनीकी सर्विलांस के जरिए जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के बारे में सुराग देने वाले को दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस एक आरोपी का स्केच भी जारी कर चुकी है। पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने दो लाख रुपये इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि आरोपियों की जानकारी देने वाले के नाम का खुलासा नही किया जाएगा। इसके साथ नार्थ-ईस्ट के लोगों के साथ बढ़ते आपराधिक वारदातों को देखते हुए गुड़गांव में नार्थ-ईस्ट के पुलिस आधिकरियों को प्रतिनियुक्ति पर तैनात करने की मांग शुरू हो गई है। पुलिस कमिश्नर ने हरियाणा के डीजीपी को एक पत्र लिख कर नार्थ-ईस्ट के 16 अधिकारियों को गुड़गांव में ऑन डेपुटेशन तैनात करने की मांग की है। इन 16 अधिकारियों में महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। लेकिन अभी तक गुड़गांव पुलिस के हाथ खाली हैं। बताते चलें कि बीते शनिवार-रविवार की रात करीब 2 बजे गुड़गांव के सेक्टर 17 इलाके के एक पीजी में रहने वाली नार्थ-ईस्ट की महिला को स्विफ्ट कार सवार तीन युवकों ने अगवा कर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म किया था। इसके बाद आरोपी पीड़िता को दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में कार से फेंक कर फरार हो गए थे। पुलिस आरोपियों का तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *