अगले दो दिनों में भीषण गर्मी की संभावना

जबलपुर,भोपाल १३ मई शनिवार २०१७ का दिन इस सीजन का अब तक सबसे गर्म दिन रहा। पारा ४३ डिग्री के पार निकल गया। बता दें कि इसके पूर्व १५ अप्रैल को ४२.९ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले दो दिनों में और प्रचण्ड गर्मी पड़ सकती है। मौसम इसी तरह रहा तो तापमान ४५ डिग्री पहुंच सकता है। सूर्य देव आग उगल रहे हैं। शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से जनजीवन हलाकांन और बैचेन है। शनिवार को तो तापमान ने तो हद ही कर दी, उछाल मारते-मारते पारा ४३.१ डिग्री के करीब पहुंच गया। जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान रहा। सुबह से ही आसमान से आग बरस रही थी। दिन चढ़ता गया और गर्मी बढ़ती गई। भीषण गर्मी की वजह से पंखे गर्म हवा फेंक रहे थे। तो कूलर ने भी शीतलता का साथ छोड़ दिया। शाम ढलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। रात में उमस ने बैचेन किया। मौसम विभाग की माने तो यदि बादल नहीं आये तो तापमान और उछाल मारेगा।
स्थानीय मौसम विज्ञान के प्रवक्ता ने बताया कि मौसम सुस्त रहने की वजह से और हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ने से तापमान उछाल मार रहा है। पिछले २४ घण्टों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान ४३.१ डिग्री सेल्सियस सामान्य से २ डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान २९.५ डिग्री सेल्सियस सामान्य से २ डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ३३ प्रतिशत और सांय काल १६ प्रतिशत आंकी गई। मौसम कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिमी दिशा से ६ किलोमीटर प्रति रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। यदि आसमान पर बादल नहीं छाये और हवाओं की रफ्तार नहीं बढ़ी तो तापमान और ऊपर जा सकता है। प्रदेश में सर्वाधिक ४५ डिग्री तापमान खजुराहो, ग्वालियर में दर्ज किया गया। अगले २४ घण्टों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *