देहरादून, राज्य के मंत्री मदन कौशिक ने आज ई-रिक्शा में बैठ कर शहर की यातायात व्यवस्था को जांचा। मंत्री के निरीक्षण को देखते हुए आज प्रशासन भी चौकस रहा और यातायात भी व्यवस्थित तरीके से चला। इस दौरान अधिकारियों की फौज भी काबिना मंत्री के इर्द-गिर्द घूमते दिखाई दिये। आज काबिना मंत्री मदन कौशिक अफसरों की टीम के साथ ई-रिक्शा में आईएसबीटी से घंटाघर तक की यातायात व्यवस्था को परखने के लिए निकले। काबिना मंत्री ने दावा किया कि कल से यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा। मंत्री का यह दावा कितने दिनों तक सही साबित होगा यह भी देखने वाली बात होगी। इन सोलह वर्षों में इस शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के कई दावे हुए लेकिन आज तक व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पायी। अब अगर काबिना मंत्री के दावों पर अमल हो सका तो यह दूनवासियों के लिए सुखद साबित होगा। काबिना मंत्री मदन कौशिक जब आईएसबीटी यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पहुंचे तो वहां पुलिस कप्तान स्वीटी अग्रवाल, एडीएम हरबीर सिंह, एसपी सिटी अजय सिंह व एआरटीओ सहित कुछ अधिकारी भी वहां मौजूद थे। मंत्री ने पुलिस व प्रशासन के अफसरों को आईएसबीटी से घंटाघर तक की यातायात व्यवस्था सुधारने के आदेश दिये।
ई-रिक्शा में बैठ कर मंत्री ने जांची यातायात व्यवस्था
![](https://www.pragamiark.com/park/wp-content/uploads/2017/05/madan.jpg)