योगी मंत्रिमंडल आज लेगा शपथ -चालीस से अधिक मंत्री लेंगे शपथ

लखनऊ,योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उप्र में 15 साल बाद भाजपा सरकार में वापसी कर रही है,उनके साथ दो उपमुख्यमंत्रियों और करीब 40 मत्रियों के शपथ लेने के आसार हैं।
जैसा कि पता है भाजपा ने केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया है। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। समारोह कांशीराम स्मृति उपवन में दोपहर 2.15 बजे शुरू होगा। आदित्यनाथ राज्य के 32 वें मुख्यमंत्री होंगे।
माना जा रहा है कि मंत्रियों के नाम दिल्ली से ही तय किए जा रहे हैं। इसके लिए आदित्यनाथ के साथ ही केशव प्रसाद मौर्य व सुनील बंसल की आलाकमान से चर्चा चल रही है। इधर, रीता बहुगुणा जोशी,स्वामी प्रसाद मौर्य, धर्मपाल सिंह, फतेह बहादुर सिंह, सूर्यप्रताप शाही, सत्यदेव पचौरी, श्रीकांत शर्मा, भगवती सागर, अवतार सिंह भड़ाना, सिद्धार्थनाथ सिंह व राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है। जबकि सूत्रों की मानें तो हृदयनारायण दीक्षित, सुरेश खन्ना, राजेश अग्रवाल, सतीश महाना और डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल में से किसी को विधानसभा का नया अध्यक्ष बनाया जा सकता है। जाहिर सी बात है,इनमें से जो भी अध्यक्ष नहीं बनाए जाते तो फिर उनका मंत्रिमंड़ल में शामिल होना तय होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *