कोलकाता, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद को संभालते ही ममता बनर्जी ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के फैसले को स्वीकार करें और हमें कोविड के प्रति काम करने दें। गुरुवार को ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री बंगाल आकर सांप्रदायिक दंगो को और आग दे रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि हम आपसे अब झगड़ा नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि बुधवार को सुबह 10.45 पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और शाम सात बजे तक केंद्र की ओर से एक पत्र मिल गया। उसमें लिखा गया था कि गुरुवार सुबह केंद्रीय टीम बंगाल पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि क्या कभी केंद्रीय टीम ऑक्सीजन और वैक्सीन की कमी के बारे में जानकारी लेने आई? ममता बनर्जी ने कहा कि हम आशा करते हैं कि केंद्रीय टीम हाथरस सामूहिक दुष्कर्म के मामले और दिल्ली, उत्तर-प्रदेश में हुई हिंसा के मामले में भी इतनी तेजी दिखाती। ममता बनर्जी ने चुनाव नतीजों के बाद हिंसा में मारे गए 16 लोगों के परिवारों को दो लाख रुपये देने का एलान किया है।
जनता का फैसला स्वीकार कर हमें काम करने दें -ममता