एक दिवसीय सीरीज के बाद आईपीएल से भी बाहर हुए श्रेयस अय्यर

पुणे, भारतीय टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर कंधे की हड्डी खिसकने के कारण पुणे में जारी एकदिवसीय सीरीज के साथ ही अगले माह नौ अप्रैल से शुरू हो रही इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल में भी नहीं खेलेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अनुसार अय्यर के बायें कंधे की सर्जरी होगी जिसके कारण वह कम से कम चार महीने क्रिकेट से दूर रहेंगे। बोर्ड के एक सूत्र ने कहा, ‘उन्हें सर्जरी कराना होगा। ऐसे में वह आईपीएल का कोई मैच नहीं खेलेंगे। उन्हें नेट्स पर लौटने में कम से कम चार महीने लगेंगे।’ श्रेयस को इंग्लिश काउंटी टीम लंकाशर के लिए भी एकदिवसीय टूर्नामेंट खेलना वह भी अब संशय के घेरे में है। काउंटी सत्र 23 जुलाई से शुरू होगा। श्रेयस को इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में जॉनी बेयरस्टो के शॉट को रोकने के दौरान यह चोट लगी थी। वह कंधे को पकड़कर मैदान से बाहर निकल गये और काफी दर्द में दिख रहे थे।
नौ अप्रैल से शुरू होने वाली आईपीएल में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करनी थी। मुंबई का यह 26 साल का खिलाड़ी बल्लेबाजी करते हुए महज छह रन बनाकर पेवेलियन लौट गया था। श्रेयस ने पिछली बार दिल्ली कैपिटल्स की टीम को फाइनल में पहुंचाया था। कंधे के अपनी जगह से खिसकने से उबरने के लिए कम से कम छह हफ्तों का समय लगता है और अगर सर्जरी करानी पड़ती है तो और ज्यादा समय लगता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *