भोपाल, कोरोना महामारी से लोगों को अलर्ट करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मेरे प्रिय प्रदेशवासियों, 11 बज चुके हैं। सायरन की आवाज सुनते ही सब अपनी जगह पर 2 मिनट के लिए रुक जाएं और यह सुनिश्चित करें कि आपने मास्क लगाकर रखा है या नहीं। अपने आसपास के लोगों को भी मास्क लगाने के लिए टोकें और आपस में उचित दूरी बना लें। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों से कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाने का संकल्प लेने का निवेदन लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना का यह गंभीर संकट है, हमें सावधान रहना होगा। इससे पूर्व भोपाल के भवानी चौक स्थित कर्फ्यू वाली माता मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान सायरन बजने के दौरान शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए बनाए गए गोले में खड़े रहे। कोरोना संकट के प्रति आमजन को संवेदनशील बनाने के लिए सुबह 11 बजे पूरे प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में दो मिनट के लिए सायरन बजाया गया। इस दौरान लोगों ने कोरोना संक्रमण रोकने के लिए मास्क पहनने के साथ शारीरिक दूरी का पालन करने का संकल्प लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाने के तीन उपाय हैं, मेरी सुरक्षा मेरा मास्क, शारीरिक दूरी का पालन करना और अपने हाथ सेनेटाइज करना। उन्होंने अपील की कि जो व्यक्ति सक्षम हैं, वे गरीबों को मास्क भेंट करें। कोरोना का वायरस अभी खत्म नहीं हुआ है, अगर हम नहीं संभले तो स्थिति गंभीर हो जाएगी। कोविड-19 को फिर हराना हमारा वज्र संकल्प है। सुरक्षा का प्रमुख साधन है मास्क। अगर आप मास्क नहीं पहनते हैं तो आप अपने आस-पास लोगों को खतरे में डाल रहे हैं। इसके बाद सीएम ने शारीरिक दूरी के लिए बाजार में गोले बनाए और मास्क का वितरण किया। आज शाम 7 बजे फिर दो मिनट के लिए सायरन बजेगा, इसी के साथ एक हफ्ते तक दोनों समय सायरन बजेगा और लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरुक किया जाएगा। भवनों में स्थापित और पुलिस वाहनों पर ये सायरन बजाए गए। इसके बाद जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से शहरों में चलाए जा रहे रोको-टोको अभियान के अंतर्गत गतिविधियों को संचालित करेंगे। शहडोल में सुबह 11 बजे प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला मुख्यालय के हर चौराहों में सायरन बजाकर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया गया। सायरन बजाकर लोगों को यह संदेश दिया गया है कि ज्यादा से ज्यादा मास्क लगाकर रहें और कोरोना से बचने के उपाय का पालन करें। जिला मुख्यालय के जय स्तंभ चौक में एसडीएम शेर सिंह मीणा अपने अधीनस्थ अमले के साथ पहुंचे और ठीक 11 बजे उन्होंने अपनी गाड़ी में लगे सायरन को बजाना शुरू कर दिया। वहीं जयस्तंभ चौक में ही नगर पालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे सीएमओ अमित तिवारी ने लोगों को मास्क का वितरण किया।
शहरी क्षेत्रों में बजा दो मिनट सायरन, लिया मास्क पहने का संकल्प