भोपाल- इंदौर समेत 11 जिलों में होली पर जुलूस बैन,पूरे प्रदेश में मेरा घर-मेरी होली अभियान चलेगा

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए रंगों के त्यौहार होली अपने घरों पर मनाएं। उन्होंने कहा कि ‘मेरा होली मेरे घर अभियान चलाकर कलेक्टर और क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य इसके लिए लोगों को प्रेरित करें। साथ ही ‘मेरा मास्क-मेरी सुरक्षा अभियान चलाया जाए ताकि कोरोना फैलने से रोका जा सके। सीएम चौहान ने ये बातें जिलों में क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से चर्चा के दौरान कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की रफ्तार कम नहीं हो रही। इंदौर भोपाल समेत 11 जिलों में रोजाना 20 से ज्यादा केस आ रहे हैं। इसलिए यहां होली पर गेर और जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। त्योहार पर मामूली संख्या में ही इकट्ठा हो पाएंगे। शादी और अंतिम संस्कार जैसे कार्यक्रमों में भी आने वाले लोगों की संख्या सीमित ही रहेगी। हालांकि संख्या को लेकर अभी सरकार ने स्पष्ट नहीं किया है। इन जिलों में जनसुनवाई भी स्थगित की जा सकती है। जो कलेक्टर के विवेक पर निर्भर करेगा। रोजाना 20 से अधिक वाले जिलों में इंदौर, भोपाल के अलावा जबलपुर, ग्वालियर, खरगोन, उज्जैन, सागर, बैतूल, रतलाम, छिंदवाड़ा और खंडवा शामिल है। यहां प्रतिबंध लागू होंगे।
मैं भी दुकानों पर बनाने जाऊंगा गोले
सीएम ने कहा कि मंत्री, विधायक, अफसर मास्क लगाने के लिए लोगों को रोकें, टोकें और जिन्होंने मास्क नहीं लगाए हैं, उन्हें मास्क लगाने के लिए संकल्प दिलाएं। उन्होंने क्राइसिस कमेटी से सुझाव लिए, निवाड़ी के जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं ने बताया कि उत्तर प्रदेश के झांसी से काफी संख्या में लोगों का आवागमन है जो कोरोना संक्रमित हैं, ऐसे में सावधानी बरती जा रही है। श्योपुर और विदिशा में भी यही तरीका अपनाया जा रहा है।
अगले सात दिन तक दिन में दो बार बजेगा सायरन
जागरूकता के लिए अगले एक सप्ताह तक रोजाना सुबह 11 बजे और शाम को शहरी क्षेत्रों में दो मिनट के लिए सायरन बजाए जाएंगे। मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग ओर सैनिटाइजिंग को लेकर अपील की जाएगी। इसके बाद रोको-टोको अभियान भी चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *