भोपाल, प्रदेश के तापमान में अगले दो दिनों तक विशेष परिवर्तन नहीं होगा, गुलाबी ठंड का दौर जारी रहेगा। प्रदेश के आसमान से बादलों के छंटते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में 24 घंटे से मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है। हल्का कोहरा छाया हुआ है। बादल छंटने के कारण 22 जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान छिंदवाड़ा में 1.4, दमोह में 1.7, खजुराहो में पांच, मंडला में दो, नरसिंहपुर में तीन, नौगांव में 4.4, सतना में 3.5, सीधी में 2.4, टीकमगढ़ में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसी तरह अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान में कमी आई है। आगामी दो दिन तक मौसम में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन हल्की (गुलाबी) ठंड बरकरार रहेगी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के जिलों में रात के तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को भोपाल, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन व सागर संभाग के जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आगामी दो दिन में रात और दिन के पारे में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दतिया में रिकॉर्ड किया गया। वहीं भोपाल में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा। कोहरा छाने से राजधानी दृश्ता सुबह नौ बजे तक महज 500 मीटर ही बनी रही। हालांकि अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। प्रदेश में बारिश का दौर फिलहाल टल गया है। इसके चलते आगामी दो दिनों से मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। रात में हल्की ठंड पड़ सकती है। हवाओं की दिशा बदली तो ठंड का दौर फिर शुरू हो सकता है।
मप्र में अगले दो दिनों तक पड़ेगी गुलाबी ठंड, हल्का कोहरा छाया रहेगा