यूपी में चार आईपीएस अफसर बनाये जायेंगे एडीजी, केंद्र को भेजा गया प्रस्ताव

लखनऊ, भारतीय पुलिस सेवा यानि आईपीएस अफसरों के इस महीने के अंत में होने वाले प्रमोशन के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इसमें 2008 बैच के 10 अधिकारियों को सेलेक्शन ग्रेड, 2007 बैच के 11 अफसरों को एसएसपी से डीआईजी, 2003 बैच के अधिकारियों को डीआईजी से आईजी और 1996 बैच के सात अधिकारियों को आईजी से एडीजी के पद पर प्रमोशन का प्रस्ताव भेजा गया है।
अगले साल चार डीजी रिटायर होंगे जिनके स्थान पर एडीजी को प्रमोशन देकर एडीजी बनाया जाएगा। रिटायर होने वाले अफसरों में डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी, डीजी ट्रेनिंग सुजानवीर और डीजी कोऑपरेटिव सेल असित कुमार पंडा और डीजी पीटीसी ब्रिज राज शामिल हैं। इनके स्थान पर डीजी बनने वालों में 1990 बैच के एडीजी तकनीकी सेवा संदीप सालुंके, एडीजी भर्ती बोर्ड रेणुका मिश्रा, एडीजी लॉजिस्टिक विजय कुमार मौर्या और एडीजी लखनऊ जोन एसएन साबत शामिल हैं। वहीं 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी आईजी से एडीजी बनेंगे। इसमें चार अधिकारी एक जनवरी को प्रोन्नत हो जाएंगे। इसमें आगरा रेंज के आईजी ए सतीश गणेश, आईजी कानून-व्यवस्था ज्योति नारायण, आईजी पुलिस मुख्यालय नवनीत सिकेरा और आईजी फायर सर्विसेज विजय प्रकाश का नाम शामिल हैं।
वहीं डीआईजी से आईजी बनने वालों में 2003 बैच के गोरखपुर रेंज के डीआईजी राजेश मोदक, डीआईजी अभियोजन विनय कुमार यादव, आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा के डीआईजी हीरा लाल, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के डीआईजी संजय कुमार, डीआईजी पीटीसी शिव शंकर सिंह, डीआईजी देवीपाटन राकेश और बरेली के डीआईजी राजेश पांडेय शामिल हैं। इसी बैच के दो डीआईजी दिनेश चंद्र दुबे और अरविंद सेन निलंबित हैं, इसलिए इनका प्रमोशन खटाई में पड़ सकता है। डीआईजी बनने वाले 2007 बैच के अफसरों में तीन जिलों के पुलिस कप्तान समेत कुल 10 अफसर शामिल हैं। इसमें वाराणसी के एसएसपी अमित पाठक, गोरखपुर के एसएसपी जोगेंद्र कुमार, कुशीनगर के एसपी विनोद कुमार शामिल हैं। इसी बैच के रवि शंकर छवि, प्रतिभा अंबेडकर, नितिन तिवारी, पंकज कुमार, गोपेश खन्ना, अशोक कुमार तृतीय और अनिल कुमार भी डीआईजी बनेंगे।
इसके अतिरिक्त सेलेक्शन ग्रेड पाने वाले अधिकारियों में 2008 बैच के उन्नाव के एसपी सुरेश राव आनंद कुलकर्णी, एसपी लॉजिस्टिक अमित वर्मा, कमांडेंट पीएसी 20वीं बटालियन एन कोलांची, पीएसी 41वीं बटालियन की कमांडेंट भारती सिंह, बहराइच के एसपी विपिन मिश्रा, यूपी 112 में एसपी एमपी वर्मा, डीजीपी आफिस से संबद्ध सभाराज, विषेष जांच में तैनात स्वामी प्रसाद, एसपी रेलवे सौमित्र यादव और एसपी अभिसूचना रमेश शामिल हैं। 2017 बैच के 16 अफसर एएसपी से एसपी बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *