कोरोना से देश की 36 % मौतें अकेले महाराष्ट्र में हुईं लेकिन अब दिल्ली और केरल है संक्रमण में महाराष्ट्र से आगे

नई दिल्ली, लंबे समय बाद महाराष्ट्र कोरोना संक्रमण के प्रतिदिन मिलने वाले मामलों में केरल और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर पहुंचा है। किंतु देश में कोरोना से होने वाली मौतों में से 36% के लगभग महाराष्ट्र में हुई हैं। महाराष्ट्र में अब तक इस बीमारी से 44024 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 5369 नए मामले मिलने के साथ पीड़ितों की संख्या बढ़कर 16,83,775 हो गई। देश में रविवार को सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित केरल में मिले। वहां 7025 नए संक्रमित पाए गए। दिल्ली में लगातार छठवें दिन 5 हजार से अधिक 5664 नए संक्रमित मरीज मिले। पश्चिम बंगाल की स्थिति भी चिंताजनक है यहां रविवार को 3987 नए संक्रमित मिलने के साथ ही पीड़ितों की संख्या बढ़कर 3,77,651 हो गई है। बंगाल में इस बीमारी से 6900 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के मामले में कर्नाटक आंध्रप्रदेश को पीछे छोड़ कर देश में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। मौत के मामले में महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु और कर्नाटक का नंबर है। उत्तरप्रदेश में रविवार को 1969 नए मामले सामने आने के साथ पीड़ितों की संख्या बढ़कर चार लाख 83 हजार से ऊपर हो गई। यहां इस बीमारी से अब तक 7051 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को ओडिशा में 1709, तेलंगाना में 1416, हरियाणा में 1670 नए मामले मिले। हरियाणा में नए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यही स्थिति छत्तीसगढ़ की भी है। सारे देश में रविवार को 45 हजार से अधिक नए मामले सामने आने के साथ पीड़ितों की संख्या 82 लाख 30 हजार से ऊपर हो गई है। देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 122511 है। जबकि ठीक होने वालों की संख्या 75 लाख 50 हजार के करीब हो गई है। देश में एक्टिव मामले घटकर अब पांच लाख 50 हजार से थोड़े ज्यादा हैं।
आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। दिल्ली में ठंड का 48 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा है। शायद इसीलिए कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उत्तरी भारत सहित देश के अनेक प्रांतों में आगामी दिनों में तेज ठंड पड़ने वाली है, जिसका असर कोरोना के फैलाव पर हो सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *