लखनऊ, लखनऊ में विधानसभा के सामने आत्मदाह के मामले में पुलिस ने 3 पत्रकारों की संलिप्तता पाई है, जिसके बाद बुधवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 19 अक्टूबर को किराएदारी विवाद से परेशान सुरेंद्र चक्रवर्ती को मिट्टी का तेल डाल कर विधानसभा गेट नंबर 3 के सामने आत्मदाह करने का सुझाव दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपी पत्रकारों को जेल भेजा दिया गया है।
पुलिस ने बताया है कि इस घटना में सुरेंद्र चक्रवर्ती 60 प्रतिशत तक जल गए हैं। बाद में पुलिस ने सुरेंद्र चक्रवर्ती को गंभीर स्थिति में सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पीड़ित को उकसाने और वीडियो बनाने के मामले में 3 पत्रकारों- जावेद ,नौशाद और शमीम की संलिप्तता पाई थी। जिसके बाद पुलिस ने इनको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि ऐसे ही एक अन्य मामले में पुलिस ने पूर्व राज्यपाल के बेटे आलोक प्रसाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बीती 13 तारीख को महराजगंज से आई एक महिला ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली थी। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी। डीसीपी सेंट्रल सोमेन वर्मा के मुताबिक, पुलिस ने दोनों मामलो में आत्मदाह के लिए उकसाने वाले लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कॉल रिकार्डिंग और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
किराएदारी विवाद से परेशान व्यक्ति को खुदकुशी के लिए प्रेरित करने वाले 3 पत्रकार लखनऊ में गिरफ्तार