बसपा विधायक द्वारा बैंकों के करीब 1500 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप में सीबीआई का छापा

लखनऊ, सीबीआई ने उप्र के बसपा विधायक विनय शंकर तिवारी की कई फर्मों पर कल एक साथ छापेमारी की। विनय शंकर तिवारी के कई फर्मों पर कई बैंकों के करीब 1500 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है। चिल्लूपार से बसपा विधायक विनय शंकर तिवारी से जुड़ी फर्म गंगोत्री इंटरप्राइजेज, मैसर्स रॉयल एंपायर मार्केटिंग लिमिटेड, मैसर्स कंदर्प होटल प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर छापेमारी की गई है।
बताया जा रहा है कि हरिशंकर तिवारी की कई कंपनियों ने राष्ट्रीय बैंकों से लोन लिया था। इसके बाद गंगोत्री इंटरप्राइजेज ने लोन की रकम को समय से वापस नहीं किया। बैंकों का आरोप है कि लोन की रकम को दूसरी जगह निवेश किया गया। जिसके बाद बैंक ने इसकी शिकायत की। इस पर सीबीआई ने सोमवार को कंपनी के कई ठिकानों पर छापेमारी की।
बता दें कि इस मामले में आईटी डिपार्टमेंट ने भी कुछ समय पहले समन दिया था। सीबीआई की टीम ने सोमवार को 1500 करोड़ के बैंक लोन घोटाले के मामले में लखनऊ, गोरखपुर और नोएडा में स्थित गंगोत्री इंटरप्राइजेज समेत अन्य फर्मों के ठिकानों पर छापेमारी की। कंपनी के ऑफिस पहुंची सीबीआई टीम ने घंटों दस्तावेज खंगाले और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *