हाथरस, थाना चंदपा क्षेत्र के गांव बूलगढी के बहुचर्चित दलित युवती के साथ घटित घटना के बाद गांव बूलगढ़ी में सियासी संग्राम जारी है और राजनीतिक दलों के नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है प्रतिदिन किसी न किसी दल के बड़े से बड़े और छोटे से छोटे नेता गांव बूलगढी पहुंच रहे हैं और पीड़ित परिवार के साथ मिलकर बातचीत कर रहे हैं। जबकि पूरा गांव छावनी बना हुआ है और जिले का ही नहीं बल्कि आगरा, अलीगढ़ मंडल के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा तथा भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात है तथा आज गांव बूलगढ़ी में पीड़ित के परिजनों से मिलने के लिए आप सांसद संजय सिंह मिलने पहुंचे और आप सांसद का हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध करते हुए उन पर काली स्याही भी फेंकी गई और उनका जमकर विरोध किया गया। जबकि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी आप नेता पर फेंकी गई स्याही के विरोध में जमकर नारेबाजी व पुलिस प्रशासन से तीखी नोकझोंक भी हो गई और पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए हल्के बल का भी प्रयोग करना पड़ा। जबकि आज भी माहौल अफरा तफरी का बना रहा। पीड़िता के घर पर भी भारी पुलिस बल तैनात है।
दिल्ली से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनधि मंडल गांव बूलगढ़ी पहुंचा, जिसमें दिल्ली के सामाजिक न्याय मंत्री राजेन्द्रपाल गौतम, दिल्ली की आप विधायक राखी बिडलान, एलओपी नेता हरपाल सिंह चीना तथा पंजाब के कई विधायकों के साथ पीड़िता के गांव परिजनों से मिलने के लिए पहुंचे और उन्होंने वहां पर परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान आप सांसद संजय सिंह ने काफी समय तक मृत पीड़िता के परिजनों से वार्ता की।
आप सांसद संजय सिंह बूलगढी में जब से मिलकर लौट रहे थे तो आगरा अलीगढ़ हाईवे से बूलगढ़ी के लिंक मार्ग मोड़ पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करने के दौरान आप सांसद पर राष्ट्रीय स्वाभिमान दल के नेता दीपक शर्मा द्वारा काली स्याही फेंक कर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की गई। आप सांसद पर काली स्याही फेंके जाने से मौके पर भारी हडकम्प व खलबली मच गई और आप कार्यकर्ताओं ने भी काली स्याही फेंकने के विरोध में जमकर नारेबाजी व हंगामा करते हुए उनकी पुलिस प्रशासन से तीखी नोकझोंक एवं बहस बाजी हो गई। जबकि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा पुलिस बल के साथ स्याही फेंकने वाले हिंदूवादी नेता को पकड़ लिया गया और नेता को पुलिस पकड़ कर अपने साथ ले गई।
इधर,बूलगढ़ी को प्रशासन द्वारा छावनी में तब्दील कर दिया गया है और पूरे गांव में भारी पुलिस बल के साथ पीएसी तैनात है। जबकि पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी गांव में डेरा डाले हुए हैं और हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। जबकि एसआईटी टीम की जांच जारी है और वह साक्ष्यों व वयानों को इकठ्ठा कर रही है।
हाथरस के बूलगढ़ी में सियासतदारो की लगी भीड़, आप सांसद संजय सिंह पर फेंकी काली स्याही