भिवंडी में 3 मंजिला इमारत गिरने से 10 लोगों की मौत, 20 के फंसे होने की आशंका

भिवंडी, सोमवार सुबह मुंबई से सटे भिवंडी में 37 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत ढ़हने से अब तक 10 लोगों की मौत होने की खबर है और मलबे में करीब 20 लोग फंसे हैं. जबकि स्थानीय लोगों की मदद से करीब 20 लोगों को सुरक्षित निकाला जिसमें एक चार साल के बच्चे का समावेश है. उधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, मनपाकर्मी और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य कर रही है. भिवंडी-निजामपुर मनपा के मुताबिक ये हादसा सोमवार तड़के 3 बजकर 20 मिनट पर भिवंडी के पटेल कंपाउंड में हुआ. उस दौरान इमारत के लोग गहरी नींद में थे. अभी तक मलबे से 10 लोगों के शव निकाले गए हैं. मरने वाली की पहचान की जा रही है. बाकी लोगों की तलाश जारी है. बताया गया है कि वर्ष 1984 में बने जिलानी अपार्टमेंट, मकान नंबर 69 नामक इमारत का आधा हिस्सा देर रात ढह गया. इस इमारत को मनपा ने धोखादायक इमारत की सूचि में रखा है और इसे खाली करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था. नोटिस मिलने के बाद कुछ लोग तो यहां से चले गए, मगर कुछ लोग यहीं रह रहे थे. इमारत में वर्तमान में 21 परिवार रहते थे. बता दें कि पिछले महीने मुंबई से सटे रायगढ़ जिले के महाड में 10 साल पुरानी एक पांच मंजिला इमारत गिर गई थी. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई थी और 50 लोग घायल हुए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *