प्ले स्टोर पर 4 घंटे बाद ही वापस आया पेटीएम

नई दिल्ली, गैंबलिंग (जुआ) नीतियों को लेकर गूगल इंडिया ने शुक्रवार दोपहर प्ले स्टोर से घरेलू डिजिटल पेमेंट ऐप पेटीएम को हटा दिया था। हालांकि, 4 घंटे बाद ही पेटीएम की वापसी हो गई। इस बारे में गुगल की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। पेटीएम ने ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी है।
पेटीएम ने ट्वीट करके कहा कि एंड वी आर बेक। इससे पहले दोपहर में गूगल ने प्ले स्टोर से इस ऐप को हटाने की जानकारी दी थी। इसके बाद पेटीएम ने ट्वीट किया था कि उसका एंड्रॉयड ऐप नए डाउनलोड या अपडेट के लिए गूगल प्ले स्टोर पर अस्थायी तौर पर उपलब्ध नहीं है। हम जल्द ही वापसी करेंगे। कंपनी ने कहा था कि आपकी राशि पूरी तरह से सुरक्षित है और आप पेटीएम ऐप को सामान्य तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं। बता दें कि भारत में गैंबलिंग प्रतिबंधित है।
गूगल ने एक ब्लॉग पोस्ट में पेटीएम का उल्लेख नहीं किया। लेकिन, इसने जूए की नीतियों को लेकर ऐप स्टोर के बारे में बताया है। हम ऑनलाइन कैसिनो की अनुमति नहीं देते हैं या खेलों में सट्टेबाजी की सुविधा देने वाले किसी भी अनियमित जुआ ऐप का समर्थन नहीं करते हैं। इसमें वे ऐप शामिल हैं, जो ग्राहकों को किसी ऐसी बाहरी वेबसाइट पर जाने के लिए प्रेरित करते हैं, जो धनराशि लेकर खेलों में पैसा या नकद पुरस्कार जीतने का मौका देती है। यह हमारी नीतियों का उल्लंघन है। ब्लॉग पोस्ट में कहा गया है कि ये नीतियां उपयोगकर्ताओं को संभावित नुकसान से बचाने के लिए हैं। हालांकि, गूगल ने यह साफ नहीं किया है कि क्या इस आधार पर किसी ऐप को हटाया गया है या नहीं। एंड्रॉयड सुरक्षा एवं गोपनीयता के उत्पाद उपाध्यक्ष सुजान फ्रे द्वारा पोस्ट किए गए इस ब्लॉग में कहा गया कि ऐसे मामले जहां नीतियों का बार-बार उल्लंघन किया जाता है। गूगल अधिक गंभीर कार्रवाई कर सकती है, जिसमें डेवलपर के खातों को खत्म करना भी शामिल है। ये नीतियां सभी डेवलपर्स पर समान रूप से लागू की जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *