सीबीआई टीम ने की सुशांत के फ्लैट-मेट सिद्धार्थ पिठानी और कुक नीरज से पूछताछ

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम ने रविवार को एक रिसॉर्ट का दौरा किया, जहां दिवंगत एक्टर ने दो महीने बिताए थे। रविवार सुबह सीबीआई की एक टीम वाटरस्टोन रिसॉर्ट पहुंची और यहां दो घंटे से अधिक समय बिताए। यहां सीबीआई टीम ने यह जानने की कोशिश की कि रिसॉर्ट में रहते वक्त सुशांत का व्यवहार कैसा था। इससे पहले सुशांत के फ्लैट-मेट सिद्धार्थ पिठानी और कुक नीरज पूछताछ के लिए सांताक्रुज स्थित डीआरडीओ गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां सुशांत की मौत के मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम रह रही है। दोनों से पूछताछ जारी है।
मामले में सीबीआइ जांच का आज तीसरा दिन है। गुरुवार से सीबीआई अब तक पिठानी और नीरज से तीन-तीन बार पूछताछ कर चुकी है। एजेंसी के एक सूत्र ने बताया कि सीबीआई सुशांत, रिया और अन्य के कॉल डिटेल रिकॉर्ड मांगेगी। इससे पहले सीबीआई की एक टीम ने 14 जून को मृत पाए जाने से पहले सीन रीक्रिएशन के लिए शनिवार को उपनगर बांद्रा में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के फ्लैट का दौरा किया। सीबीआई के साथ सुशांत का रसोइया नीरज और फ्लैट-मेट सिद्धार्थ पिठानी और एक अन्य स्टाफ दीपेश सावंत भी थे। नीरज और पिठानी ने अभिनेता को कथित रूप से उनके कमरे में लटकता पाया था। फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी सीबीआइ टीम का हिस्सा थे, जो 14 जून को घटनाओं का अनुक्रम फिर से बनाना चाहते थे। जैसे ही सीबीआई अधिकारी और केंद्रीय फॉरेंसिक विशेषज्ञ दोपहर 2.30 बजे मोंट ब्लांक अपार्टमेंट पहुंचे, मीडियाकर्मियों और दर्शकों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। टीम पहले बिल्डिंग की छत पर गई और फिर फ्लैट में घुस गई। बाहर से उन्हें बेडरूम की तस्वीरें खींचते और वीडियो शूट करते देखा गया। अधिकारी ने कहा कि सीबीआई टीम जांच कर रही थी कि क्या घटनास्थल पर आत्महत्या संभव थी। खुद को इमारत में रहने का दावा करने वाली एक महिला ने संवाददाताओं से कहा कि मौत से एक दिन पहले 13 जून को सुशांत के आवास पर कोई पार्टी नहीं थी, जैसा कि मीडिया के एक वर्ग ने दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *