कारोबारी शुरुआत में सेंसेक्स 300 और निफ्टी 11,150 अंक से ऊपर

मुंबई, वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने और विदेशी मुद्रा प्रवाह जारी रहने से देश के शेयर बाजारों में बुधवार को कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक ऊपर रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और कोटक बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स में उछाल आया। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का संवेदी सूचकांक कारोबार की शुरुआत में 314.47 अंक उछलकर 38,000 अंक के स्तर को पार करता हुआ 38,002.38 अंक पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक 88.70 अंक की बढ़त लेकर 11,183.95 अंक हो गया। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एक्सिस बैंक के शेयर में तीन प्रतिशत से अधिक की बढ़त रही। वहीं इंडसइंड बैंक, अल्ट्रा टेक सीमेंट, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी वृद्धि रही। इसके विपरीत पावर ग्रिड और नेस्ले इंडिया के शेयर मूल्य गिरावट में रहे। इससे पहले मंगलवार के कारोबार में सेंसेक्स 748.31 अंक बढ़कर 37,687.91 अंक और निफ्टी 203.65 अंक बढ़कर 11,095.25 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजारों के आंकड़े बताते हैं कि विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 703.74 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया। कारोबारियों का कहना है कि खास शेयरों में लिवाली के साथ ही वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने और विदेशी कोषों का प्रवाह जारी रहने से घरेलू बाजारों में तेजी का रुख बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *