उमा भारती अयोध्या में सरयू तट पर रहते हुए भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद करेंगी रामलला के दर्शन

अयोध्या, अयोध्या में 5 अगस्त को होने वाले राम मंदिर भूमि पूजन की तैयारियां जहां जोर-शोर से चल रही हैं वहीं दूसरी ओर जानलेवा वायरस कोरोना का साया भी मंडराने लगा है। गृहमंत्री अमित शाह के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उमा भारती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या दौरे को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी और बाकी लोगों से विशेष दूरी बनाकर रहेंगी और सभी के चले जाने के बाद ही रामलला के दर्शन करेंगी। उमा भारती ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि वह सोमवार को भोपाल से अयोध्या के लिए रवाना होंगी। उन्होंने लिखा, ‘कल जब से मैंने अमित शाह और यूपी भाजपा के नेताओं के कोरोना पॉजिटिव होने का सुना तभी से मैं अयोध्या में मंदिर के शिलान्यास में उपस्थित लोगों के लिए खासकर पीएम नरेंद्र मोदी के लिए चिंतित हूं।’
उमा भारती ने दूसरा ट्वीट किया, ‘इसलिए मैंने रामजन्मभूमि न्यास के अधिकारियों को सूचना दी है कि शिलान्यास के कार्यक्रम के मुहूर्त पर मैं अयोध्या में सरयू के किनारे पर रहूंगी।’ उमा ने आगे लिखा, ‘मैं भोपाल से आज रवाना होऊंगी। कल शाम अयोध्या पहुंचने तक मेरी किसी संक्रमित व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है ऐसी स्थिति में जहां पीएम नरेंद्र और सैकड़ों लोग उपस्थित हो मैं उस स्थान से दूरी रखूंगी और पीएम मोदी और सभी समूह के चले जाने के बाद ही मैं रामलला के दर्शन करने पहुंचुंगी।’ उमा भारती ने आगे लिखा, ‘यह सूचना मैंने अयोध्या में राम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ अधिकारी और पीएमओ को भेज दी है की माननीय नरेंद्र मोदी के शिलान्यास कार्यक्रम के समय उपस्थित समूह के सूची में से मेरा नाम अलग कर दें।’
ज्ञात हो कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मचा हुआ है। 5 अगस्त को अयोध्या पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी महंत राजू दास ने बताया कि पीएम मोदी पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे। यहां उनके लिए विशेष पूजा की व्यवस्था रहेगी। महंत राजू दास ने कहा कि पीएम के शेड्यूल में हनुमानगढ़ी में 7 मिनट का समय दिया गया है। इसमें प्रधानमंत्री का आना-जाना शामिल है, प्रधानमंत्री को पूजन में करीब 3 मिनट का समय लगेगा। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी पांच अगस्त को 11- सवा ग्यारह बजे अयोध्या पहुंचेंगे। वे यहां करीब तीन घंटे रुकेंगे। दोपहर करीब 2 बजे पीएम अयोध्या से रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *