दुबई में 19 सितंबर से शुरू हो सकता है आईपीएल

दुबई, इंडियन क्रिकेट लीग (आईपीएल) अब 19 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में शुरू हो सकता है। इसका खिताबी मुकाबला 8 नवम्बर को होगा। अब तक की जानकारी के अनुसार आईपीएल संचालन परिषद की अगले सप्ताह एक बैठक होगी, जिसमें मैच स्थल के साथ ही कार्यक्रम को भी मंजूरी दी जाएगी। बीसीसीआई ने अपनी योजना से फ्रेंचाइजी को भी अवगत करा दिया है।
वहीं बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, उम्मीद है कि आईपीएल 19 सितंबर को शुरू होगा और फाइनल 8 नवंबर को खेला जाएगा। इस तरह से यह 51 दिन तक चलेगा और यह फ्रेंचाइजी और प्रसारकों के अलावा अन्य सभी हितधारकों के अनुकूल रहेगा।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के टी20 विश्व कप को स्थगित करने के फैसले के बाद आईपीएल का आयोजन संभव हो गया है। इससे पहले माना जा रहा था कि आईपीएल 26 सितंबर से शुरू होगा पर बीसीसीआई इसे एक सप्ताह पहले शुरू करना चाहता है जिससे भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा प्रभावित न हो।
एक अधिकारी ने कहा, भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया सरकार के नियमों के अनुसार वहां पहुंचने पर 14 दिन तक पृथकवास पर रहना होगा। इसलिए दौरे को एक सप्ताह पहले रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *