भोपाल,गृह सचिव के फर्जी साइन कर 66 सरकारी मकानों का आवंटन करने वाले संपदा संचालनालय के क्लर्क राहुत खरते के खिलाफ एक और धोखाधड़ी का मामला जहांगीराबाद थाने में दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पर पूर्व में भी फर्जी साइन कर मकान आवंटन करने का मामला दर्ज किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक संपदा संचालनालय में पदस्थ रहे लर्क राहुल खरते ने मुख्यमंत्री की फर्जी नोटशीट व गृह सचिव के हस्ताक्षर कर कई पुलिसकर्मियों को मकान आवंटित कर दिए थे। जांच के बाद मामले में खुलासा हुआ। पूर्व में आरोपी राहुल पर 25 मकानों के फर्जी आवंटन की जहांगीराबाद थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। राहुल को पुलिस ने दिसंबर महीने में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। राहुल संपदा संचालनालय के आवास आवंटन शाखा में वर्ष 2014 से पदस्थ रहा। इसके बाद राहुल के फर्जी साइन से आवंटित किए गए 66 मकानों की भी जांच की गई। जांच के बाद पुलिस ने एक और मामला दर्ज किया है।
हर आवंटन पर लिए 30 से 80 हजार :
आरोपी राहुल ने हर आवंटन पर 30 से 80 हजार रुपए लिए थे। खास बात यह है कि आवंटन के फर्जी आदेश को पुलिसकर्मी भी नहीं समझ पाए। उल्टे पुलिसकर्मी मकान आवंटन के फर्जी आदेश के लिए भी खरते को 30 हजार से लेकर 80 हजार रुपए की रिश्वत देते रहे। फर्जी तरीके से आवास आवंटन हासिल करने वालों में सूबेदार से लेकर इंटेलीजेंस, सीआईडी, विस कर्मचारी और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में पूर्व में तैनात रहे पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
भोपाल में गृह सचिव के फर्जी साइन से किए थे 66 सरकारी मकान आवंटित