जबलपुर, नर्मदा के घाटों से रेत के कारोबार को लेकर लम्बे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। बेलखेड़ा में नर्मदा नदी के पावला घाट पर ट्रेक्टर में रेत लेकर जा रहे आकाश मल्लाह की कल देर रात दिनेश सिंह लोधी ने गोली मारकर हत्या कर दी। आकाश मल्लाह की हत्या से पावला घाट से लेकर मेरेगांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एकत्र हो गए, जिन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया, घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसी प्रकार बेलखेड़ा थाना अतंर्गत कूड़ाकला गांव में एक पूर्व विधायक के पुत्र और उसके अन्य 50-60 साथियों ने रेत निकासी के विवाद में जमकर फायिंरग की और मारपीट की जिसमें 4 लोग घायल हो गये।
ट्रेक्टर छीनने की कोशिश की, विरोध करने पर गोली मारी
बेलखेड़ा पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मेरेगांव निवासी 37 वर्षीय सेवकराम पटैल ने घर में बाथरुम बनवाने के लिए आकाश मल्लाह को अपना ट्रेक्टर लेकर नर्मदा नदी के पावला घाट से रेत लाने के लिए भेजा।
आकाश ने घाट से ट्रेक्टर में रेत भरवाई और गांव के लिए रवाना हो गया, इसके पीछे-पीछे एक और ट्रेक्टर रेत लेकर आ रहा था, जिसे लालू उर्फ कमलेश मल्लाह चला रहा था। दोनों ट्रेक्टर जब पावला घाट से जुगपुरा की ओर आ रहे थे, देखा तो सामने लकड़ियों के ढेर लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया था, आकाश मल्लाह कुछ समझ पाता, इससे पहले दिनेश सिंह लोधी अपने साथियों के साथ पहुंच गया और रेत से भरा ट्रेक्टर छीनने की कोशिश की, आकाश ने विरोध किया तो उसपर फायरिंग कर दी, जिससे गोली कनपटी व पेट में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फायिंरग की आवाज सुन, लोग घरों से बाहर निकले
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए देखा कि आकाश मल्लाह ट्रेक्टर में ही खून से लथपथ हालत में पड़ा है, ग्रामीण की भीड़ देखकर दिनेश मल्लाह व उसके साथियों ने कई राउंड गोलियां चलाई जिससे ग्रामीणों में भगदड़ व अफरातफरी मच गई। आकाश मल्लाह की हत्या की खबर मिले ही सेवकराम पटैल सहित मेरेगांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए, उस वक्त तक पुलिस अधिकारी भी बल सहित आ गए, जिन्हें घटना के बारे में जानकारी दी गई।
गांव में सनसनी
घटना को लेकर गांव में सनसनी व्याप्त रही, वहीं लोगों के बीच आक्रोश रहा, जिन्होंने घटनास्थल पर ही हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि नर्मदा के घाटों पर वर्चस्व कायम करने के लिए निर्दोश लोगों के खून से होली खेली जा रही है।
हालांकि पुलिस ने पूछताछ के बाद हमलावर दिनेश सिंह लोधी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरु कर दिया, अभी तक दिनेश सिंह लोधी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। वहीं घटना को लेकर मेरेगांव व पावला में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है, जो हालात पर नजर रखे है।
जबलपुर में रेत के कारोबार में खूनी संघर्ष ट्रेक्टर चालक की गोली मारकर हत्या