बादलों का डेरा मप्र में अगले चार दिन में मानसून से तेज बारिश के आसार

भोपाल,मध्यप्रदेश में इन दिनों बादलों का डेरा जमा हुआ है। प्रदेशभर में दिन में उमस और दोपहर बाद बारिश का दौर जारी है। हालांकि, सोमवार को प्रदेश के रीवा और पन्ना जिलों में ही भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों में प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होगी। पूर्वी मध्यप्रदेश में मानसून से तेज बारिश शुरू होगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम के अनुसार, प्रदेश के कई शहरों में उमस बढ़ेगी। उमस बढऩे से लोकल सिस्टम बनेगा और हल्की बारिश भी होगी। अगले चार-पांच दिनों में बारिश से प्रदेश तर-बतर हो जाएगा। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पन्ना और रीवा जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। पन्ना जिले के अजयगढ़ 82.4 और रीवा जिले के रैपुरकर्चुलियां में 68.0 मिमी की बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी मप्र में सामान्य मानसून और पश्चिम में कमजोर मानसून रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, सागर, होशंगाबाद, भोपाल एवं जबलपुर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर एवं शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हुई तथा शेष संभागों के जिलों मौसम मुख्यत: शुष्क रहा।
उमस ने किया हलाकान
राजधानी भोपाल में रविवार शाम को बारिश हुई। लेकिन, अगले दिन धूप निकलने से सोमवार को दिनभर उमस से लोग परेशान रहे। लोगों के लिए बाहर निकलना तक दूभर हो गया। राजधानी भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान ग्वालियर में 41 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया है। शेष हिस्सों में मौसम शुष्क होने से उमस अधिक रही।
12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रीवा, सीधी, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, सीहोर, राजगढ़, रायसेन, भोपाल और विदिशा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
यहां होगी गरज-चमक के साथ बारिश
विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल, होशंगाबाद, रीवा संभागों के जिलों, उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना एवं सिवनी जिलों में कहीं गरज चमक के साथ बिजली चमकने या गिरने की संभावना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *