भोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा द्वारा केंद्रीय वाणिज्य मंत्री रहते हुए चीन के साथ सांठगांठ कर कांग्रेस को लाभ पहुंचाने के जो आरोप भाजपा द्वारा लगाए गए हैं, उस पर तीखा पलटवार किया है।
कमलनाथ ने कहा केंद्र सरकार और राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई हैं। सीमा विवाद, कोरोना संक्रमण और आपदा में पूरी तरह से विफल होने के बाद सवालों के जवाब देने से बचने के लिए वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए झूठे अर्नगल आरोप लगाए जा रहे हैं।
कमलनाथ ने कहा कि इतने वर्षों से भाजपा कहां थी। भाजपा नेताओं के चीन के नेताओं से कैसे संबंध है, यह सारी दुनिया ने देखे हैं। कमलनाथ ने कहा वाणिज्य मंत्री के पद पर रहते हुए पहली बार उन्होंने चीन पर एंटी डंपिंग ड्यूटी लगाई थी। जब वह वाणिज्य मंत्री थे, तब भारत के आयात निर्यात में संतुलन बना हुआ था। लेकिन जब से भाजपा की सरकार केंद्र में आई है। आयात निर्यात का असंतुलन कई गुना बढ़ गया है। भाजपा नेताओं का चीन के साथ प्रेम पिछले कई वर्षों से जनता देख रही है। भाजपा सरकार के समय 4 गुना ज्यादा आयात चीन से हो रहा है। निर्यात उस तुलना में मात्र 25 फ़ीसदी हो रहा है। खुद चीन की कंपनियों के साथ भाजपा के नेता मिलकर भारी सांठगांठ कर रहे हैं। आरोप अब कांग्रेस पर लगा रहे हैं।
कमलनाथ ने कहा भटकाने और बोखलाने से काम नहीं चलेगा। जवाब तो जनता को देना ही पड़ेगा। कमलनाथ ने यह भी कहा कि अब जनता के सामने भाजपा की कलई खुल गई है। पिछले 6 साल में खूब बड़े-बड़े वादे किए थे।लेकिन वादे केवल वादे ही रह गए। वादे करना और भूल जाना, यह भाजपा की आदत है। वादों की कोई याद दिलाएं तो आरोप लगा देना, यह भाजपा का पुराना फॉर्मूला है।अब इसे जनता भी जान गई है। अब जनता भाजपा के बहकावे में नहीं आएगी।
कांग्रेस के सवालों से बौखला कर अनर्गल झूठे आरोप लगा रही भाजपा- कमलनाथ