रायपुर, छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी नहीं रहे। श्री जोगी ने 19 दिनों तक जीवन के लिए मौत से संघर्ष किया। आज अपरान्ह 3.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 74 वर्षीय अजीत जोगी गम्भीर हालत में रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती थे। वे लगातार कोमा में थे और उन्हें वेंटिलेटर के जरिए सांस दी जा रही थी। उनके मस्तिष्क को जगाने के लिए कई तरह की कोशिशें की गईं। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। श्री जोगी को इस बीच दो बार अटैक आया। बीते रोज उनकी हालत अत्यंत गम्भीर हो गई थी। जिसे डॉक्टरों की टीम ने बेहद प्रयास करके नियंत्रित किया था, लेकिन आज उन्हें फिर अटैक आया। डॉक्टरों ने हर सम्भव प्रयास किया लेकिन वे श्री जोगी को बचा नहीं सके।
श्री जोगी के निधन का समाचार मिलते ही राज्य में शोक की लहर दौड़ गई। उनके समर्थकों में मातम छा गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने श्री जोगी के निधन पर गहन दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल अनुसुइया उइके ने राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, राज्य के मंत्रियों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य राजनेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
29 अप्रैल 1946 को पेंड्रा बिलासपुर में जन्मे श्री जोगी इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद पहले भारतीय पुलिस सेवा और फिर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी बने। अविभाजित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे दिग्गज राजनेता अर्जुन सिंह के सुझाव पर राजनीति में आए श्री जोगी कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए गए थे। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ। वे लोकसभा और विधानसभा दोनों में रह चुके थे। श्री जोगी वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा में मरवाही क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। श्री जोगी ने 2016 में कांग्रेस से अलग हो कर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की स्थापना की। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने बसपा से गठबंधन किया। इस चुनाव में जोगी की पार्टी ने पांच सीटों पर जीत हासिल की। श्री जोगी की पत्नी श्रीमती डॉ. रेणु जोगी भी उनकी पार्टी की विधायक हैं और पुत्र अमित जोगी जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
करीब 19 दिन के संघर्ष के बाद अजीत जोगी का निधन