लखनऊ, उत्तर प्रदेश में अब शराब खरीदने के लिये सुरा प्रेमियों को अपनी जेब और ढीली करनी पड़ेगी। राज्य सरकार ने देशी और विदेशी मदिरा के दामों में 10 से लेकर 400 रुपये तक की बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में लिये गये इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि शराब के दामों में यह वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इससे सरकार को इस साल करीब 2350 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। उन्होंने बताया कि मंत्रिमण्डल ने देशी शराब पर मात्र पांच रुपये की वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब 65 रुपये की बोतल 70 रुपये में जबकि 75 वाली 80 रुपये में मिलेगी। उन्होंने बताया कि विदेशी मदिरा की इकॉनमी और मीडियम क्लास में 180 मिलीलीटर (एमएल) तक 10 रुपये, 180 से 500 एमएल तक 20 रुपये और 500 एमएल से अधिक की बोतल पर 30 रुपये बढ़ाये गये हैं। इसके अलावा रेगुलर और प्रीमियम श्रेणी में 180 एमएल तक 20 रुपये, 180 से 500 तक 30 रुपये और 500 एमएल से अधिक पर 50 रुपये की वृद्धि की गयी है।
वित्त मंत्री खन्ना ने बताया कि विदेश से आयातित शराब की 180 एमएल तक की बोतल पर 100 रुपये, 500 एमएल तक 200 और 500 एमएल से अधिक की बोतल पर 400 रुपये बढ़ाये गये हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के बाद से ही प्रदेश में शराब की बिक्री बंद हो गयी थी। लोगों को जब शराब नहीं मिली तो उन्होंने अवैध रूप से बनी शराब पीना शुरू किया और गांव-गांव में अवैध रूप से शराब बनने लगी। गाजियाबाद के मोदीनगर में तीन लोगों ने शराब न मिलने पर सैनिटाइजर पी लिया जिससे उनकी मौत हो गयी। कानपुर में भी अवैध शराब पीने से तीन लोगों की मृत्यु हुई। उन्होंने बताया कि चार मई तक अवैध रूप से बनायी गयी 80020 लीटर शराब पकड़कर कुल 3627 लोगों को गिरफ्तार किया था।
यूपी में देशी और विदेशी मदिरा के दामों में 10 से लेकर 400 रुपये तक की बढ़ोत्तरी