यूपी में कोरोना के 107 नए मरीज, तीन और की मौत

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। प्रदेश में रविवार को कोविड-19 संक्रमण के 107 नए मामले सामने आए हैं तथा इस बीमारी से तीन और लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में इस वक्त कोरोना के 959 मामले मौजूद हैं। शनिवार तक कोरोना संक्रमण के कुल 852 मामले ही थे इस प्रकार इनकी संख्या में 107 का इजाफा हुआ है
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया प्रदेश में कोरोना संक्रमण से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार तक मौतों का आंकड़ा 14 था। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वक्त कोरोना के 959 मामले मौजूद हैं। शनिवार तक कोरोना संक्रमण के कुल 852 मामले ही थे इस प्रकार इनकी संख्या में 107 का इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण की चपेट में आए 108 लोग ठीक भी हुए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न आइसोलेशन वार्ड में 1050 लोगों को रखा गया है। इसके अलावा मेडिकल क्वॉरेंटाइन फैसिलिटी में अब तक 10234 लोग रखे गए हैं। प्रसाद ने बताया मरीजों के आयु वर्ग की बात करें तो 0 से 20 वर्ष तक के 18 प्रतिषत मरीज हैं। इसके अलावा 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग तक के 47.3 फीसद, 41 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 24.7 फीसद और 60 साल से अधिक उम्र के 9.4 फीसद लोग संक्रमित हैं। कुल संक्रमित लोगों में पुरुषों का प्रतिशत 78 है और महिलाओं का प्रतिशत 22 है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार को केंद्र से रैपिड टेस्टिंग किट मिले थे, जिनका उपयोग शुरू कर दिया गया है। परसों नोएडा से इसके इस्तेमाल की शुरुआत की गई है। प्रसाद ने बताया कि किसी की बीमारी की पुष्टि के लिए इस किट का प्रयोग नहीं किया जाएगा बल्कि यह जानने के लिए किया जाएगा कि किसी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण है या नहीं है। रोगी की संक्रमित होने की पुष्टि केवल प्रयोगशालाओं के जरिए ही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *