मप्र में कोरोना से 7वीं मौत, इंदौर में 65 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा

भोपाल, मप्र में गुरुवार को कोराना से 7वीं मौत हुई। एमआरटीवी अस्पताल में भर्ती खजराना की रहने वाली 65 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला को सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद 29 मार्च को भर्ती किया गया था। उसकी कोई कॉन्टेक्ट हिस्ट्री सामने नहीं आई। इससे पहले बुधवार रात आई रिपोर्ट से कोरोना संक्रमितों में 12 लोग और बढ़ गए। यह आंकड़ा 75 तक पहुंच गया। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 98 हो गई। इनमें जबलपुर 8, उज्जैन 6, भोपाल 4, ग्वालियर-शिवपुरी 2-2 और खरगोन का एक मरीज शामिल है। अब तक इंदौर 4, उज्जैन 2 और खरगोन के संक्रमित की मौत हो चुकी।
31 जगह बैरिकेडिंग कर रोका रास्ता
राजधानी में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए शुरू हुई पुलिस की सख्ती गुरूवार को भी जारी है। पुलिस ने 31 स्थानों पर बैरिकेडिंग कर शहर की रफ्तार रोक दी है। इस दौरान केवल शासकीय कर्मचारी और मेडिकल इमरजेंसी वाले लोगों को ही राहत दी गई है। बीते दस दिनों में पुलिस ने बेवजह घूमने वालों के 700 वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की और एक्सपायर हो चुके करीब 2000 पास भी जब्त कर लिए। एएसपी रजत सकलेचा ने बताया कि बीते दो दिन से हर क्षेत्र में पुलिस के साथ जेल वाहन भी लेकर चल रहे हैं। नए शहर में इसके लिए बंदी वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि पुराने शहर में मैजिक वाहनों को अस्थायी जेल वाहन बनाया गया है। दो दिनों के भीतर ऐशबाग में 14, जहांगीराबाद में 5, टीटी नगर में 4 और कमला नगर में 4 लोगों को जेल वाहन में बिठाकर थाने लाया गया। और उनके खिलाफ केस दर्ज किए गए। ये सभी वे लोग थे, जो बेवजह शहर की सड़कों पर तफरी कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *