निजामुद्दीन में तबलीगी जमात में हिस्सा लेने वाले 569 लोगों की यूपी में की गई पहचान

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में 569 ऐसे लोगों की पहचान की गई है जिन्होंने दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात में हिस्सा लिया था उन्हें क्वॉरेंटाइन में रखा गया है। अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश कुमार अवस्थी ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि राज्य में 218 विदेशी नागरिक भी मिले हैं, जो टूरिस्ट वीजा पर आए थे लेकिन उनके बारे में यह नहीं कहा जा सकता कि उनका तबलीगी जमात से किसी तरह का संबंध था। अवस्थी ने कहा कि संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे इन लोगों का भली-भांति क्वॉरेंटाइन सुनिश्चित करें और ऐसे मामलों में समुचित मेडिकल प्रोटोकॉल का भी पालन किया जाए। विदेशी नागरिकों के बारे में उन्होंने कहा की टूरिस्ट वीजा पर आने वाले लोग धार्मिक उत्सव या मिशनरी गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकते। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी लेकिन फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता उनका क्वॉरेंटाइन सुनिश्चित करना है। अवस्थी ने सभी से अपील की कि वे संदिग्धों की पहचान में मदद करें ताकि कोरोना महामारी को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *