आजम खां विधायक पत्नी तंजीन और बेटे अब्दुल्ला सहित जेल भेजे गये

रामपुर,समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां, उनकी विधायक पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में अदालत के आदेश पर बुधवार को दो मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अदालत ने आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला और पत्नी तजीन फातिमा को दो मार्च तक के लिये न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिये हैं। आज कई मुकदमों की सुनवाई थी। उनमें अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का मामला प्रमुख था। आजम, उनकी विधायक पत्नी और पुत्र ने अदालत में समर्पण किया जहां से तीनों को दो मार्च तक के लिये भेज दिया गया। विदित हो कि विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने मंगलवार को तीनों के कुर्की वारंट के साथ ही गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किए थे। भाजपा के स्थानीय नेता आकाश सक्सेना ने पिछले साल दर्ज कराये गये मुकदमे में अब्दुल्ला के दो-दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाये जाने का आरोप लगाया था। एक प्रमाण पत्र रामपुर से तो दूसरा लखनऊ से जारी किया गया है। जांच में आरोप सही पाये गये। अदालत ने इस मामले में पेश होने के लिये कई बार समन जारी किये लेकिन आजम खां और उनका परिवार हाजिर नहीं हुआ। उसके बाद अदालत ने कुर्की और गैरजमानती वारंट जारी किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *