बरेली, बरेली में पीलीभीत बस डिपो से विस्फोटक की बड़ी खेप बरामद हुई है। जिससे खुफिया एजेंसी में हड़कंप मच गया। बता दें कि विस्फोटक को बस में नीचे बने लगेज बॉक्स में चार बोरियों में भरकर रखा गया था। फिलहाल, पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। साथ ही बस के कंडक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। विस्फोटक मिलने की सूचना मिलने पर एटीएस मौके पर पहुंच गई है। इसके साथ ही मामले में जांच शुरू कर दी है। बता दें कि बारादरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पीलीभीत डिपो की बस में कानपुर से विस्फोटक लोड किया गया है जो बस के नीचे लगेज बॉक्स में रखा है। इसकी सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस सेटेलाइट बस अड्डे और आसपास के आने-जाने वाले रास्तों में तैनात हो गई। जैसे ही पीलीभीत डिपो की बस सेटेलाइट बस अड्डे पर पहुंची। उसी दौरान पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कंडक्टर मैनपुरी निवासी सुधीर को पकड़ लिया। बस से विस्फोटक के चार बोरे बरामद हुए हैं जिन्हें पुलिस थाने ले गई है। सूचना मिलते ही एटीएस की टीम बारादरी थाने पहुंच गई है। यहां एटीएस और बारादरी पुलिस ड्राइवर और कंडक्टर सुधीर से बंद कमरे में पूछताछ कर रही है। जांच के लिए बम निरोधक दस्ता भी थाने बुलाया गया है। एएसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह बरामदगी हुई है। कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि उनको सबसे पहले सूचना मिली थी कि रोडवेज बस में जो विस्फोटक सामग्री जा रही है उसका किसी अपराधी वारदात में इस्तेमाल किया जाना था। जिसके बाद से इंस्पेक्टर बारादरी के साथ एएसपी खुद मौके पर पहुंचे और सघन चेकिंग अभियान कराया। विस्फोटक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
पीलीभीत बस डिपो से बरामद हुई विस्फोटक की बड़ी खेप