उत्‍तराखंड में जमी पाइप लाइनें, कश्‍मीर में भारी बर्फबारी,, दिल्‍ली-एनसीआर में कोहरा

नई दिल्‍ली,नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो जाने के कारण मौसम ने एकबार फ‍िर अपने तेवर तल्‍ख कर लिए हैं। जम्‍मू-कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड के कई इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। जम्‍मू-कश्‍मीर में मां वैष्णो देवी दरबार, भैरव घाटी और त्रिकुटा पर्वत बर्फ की चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं। उत्‍तराखंड के कई इलाकों में पाइप लाइनें जम चुकी हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दिल्‍ली-एनसीआर के इलाकों में घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हिमपात की आशंका जताई गई है। जम्मू कश्मीर में मंगलवार को उच्च पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई जिससे त्रिकुटा के पहाड़ चमक उठे। भैरव घाटी से लेकर अ‌र्द्धकुंवारी तक बर्फ गिरी है। सूबे में सीजन की यह चौथी बर्फबारी है। श्री माता वैष्णो देवी में बैटरी कार सेवा, हेलीकॉप्टर सेवा और भवन से भैरव घाटी के बीच चलने वाली पैसेंजर केबल कार मंगलवार को बंद कर दी गई।
देर रात बर्फबारी और बारिश जारी रही। मंगलवार को भैरों घाटी में दो से ढाई फुट, वैष्णो देवी भवन में दो फुट तो सांझी छत में डेढ़ फुट बर्फ दर्ज की गई जबकि बुधवार को श्रद्धालुओं के यात्रा मार्ग खुले हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण शिमला का ऊपरी क्षेत्र से संपर्क कट गया है। रात तक हिमपात जारी रहने के कारण नड्डी में पांच इंच, भागसूनाग में दो इंच, धर्मकोट में छह इंच जबकि गलू मंदिर में करीब एक फीट बर्फबारी दर्ज की गई है। शिमला को जाने वाला नेशनल हाईवे कुफरी के पास बंद है, जबकि छराबड़ा के पास ट्रक के फ‍िसलने से दर्जनों गाड़ियां फंस गई हैं। वहीं उत्तराखंड के उच्च हिमालय सहित खलिया से कालामुनि, बिटलीधार तक हिमपात जारी है।
दिल्‍ली-एनसीआर बेहद घने कोहरे की चपेट में है और तापमान गिरकर सात डिग्री तक पहुंच गया है। दिल्ली हवाई अड्डे पर कम दृश्‍यता के चलते पांच विमानों के मार्ग बदले गए, जबकि दिल्‍ली से आने जाने वाली 22 ट्रेनें अपने तय समय से काफी देर से चल रही हैं। स्‍थानीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि हवा में आर्द्रता का स्तर 100 फीसद जबकि दृश्यता 50 मीटर रही। दिल्ली में बुधवार को सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 25 से 50 मीटर दर्ज की गई।
पंजाब, उत्‍तर राजस्‍थान और दिल्‍ली, पूर्वी यूपी और बिहार में घना कोहरा दर्ज किया गया है। यही नहीं पटियाला, बीकानेर, चुरू, हिसार, बहराइच, गोरखपुर और पटना में भी कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगाने का काम किया है। मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्‍काइमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटों में नगालैंड, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *