बरेली, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि संघ को समाप्त करने वाले खुद समाप्त हो गए हैं, लेकिन संघ आज भी निरंतर काम कर रहा है। बरेली में कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत ने कहा, ‘मुझ से पूछा गया कितने बच्चे हों, मैंने कहा सरकार और सब तय करें, नीति बने, अभी पता नहीं, जनसंख्या समस्या और समाधान दोनों है। संघ प्रमुख ने ‘भविष्य का भारत पर आरएसएस का दृष्टिकोण’ विषय पर बोलते हुए कहा कि हम भारत की कल्पना कर रहे हैं, भविष्य का भारत तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि साल 1940 से पहले तक समाजवादी, कम्युनिस्ट और अन्य सभी राष्ट्रवादी थे। साल 1947 की आजादी के बाद बिखरे थे। संघ प्रमुख ने कहा कि भारत रूढ़ियों और कुरीतियों से पूरी तरह मुक्त हो,7 पापों से दूर रहे और वैसा हो जैसा गांधीजी ने कल्पना की थी। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में भविष्य के भारत की कल्पना की गई है।
संघ प्रमुख भागवत ने इजराइल का जिक्र कर कहा कि वह दुनिया में संपन्न देश है। आज उसकी धाक है। इजराइल को हाथ लगाने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने आजादी के समय की परिस्थितियों का जिक्र कर कहा कि आजादी के समय देश की जनसंख्या करोड़ों में थी। देश के खजाने में 16 हजार करोड़ बाकी थे, इंग्लैंड से भारत को 30 हजार करोड़ वसूलना था। संघ प्रमुख ने कहा कि समस्या स्वतंत्र होना नहीं है। हम बार-बार गुलाम होते रहे, इसलिए बार-बार स्वतंत्र होते रहे। मुट्ठी भर लोग आते हैं और हमें गुलाम बनाते हैं। ऐसा इसकारण कि हमारी कुछ कमियां है। उन्होंने कहा कि सब एक हैं,तब सब मिलकर रहो। हम सब हिन्दू हैं, हिंदू भाव को जब-जब भूले तब-तब विपत्ति आई।
भागवत ने कहा कि भारतवर्ष में हम सब हिंदू हैं,इसकारण हम हिंदू राष्ट्र हैं। जिनके पूर्वज हिंदू हैं, वह हिंदू हैं। हम राम, कृष्ण को नहीं मानते तो कोई बात नहीं। इन सब विविधताओं के बावजूद हम सब हिंदू हैं। हम अपनी संस्कृति से एक हैं, हम अपने भूतकाल में भी एक हैं। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं, इनका एजेंडा है। हमारा कोई एजेंडा नहीं है, हम संविधान को मानते हैं। हिंदू ‘हिंदू वसुधैव कुटुम्बकं’ के सिद्धांत पर चलता है।
जनसंख्या समस्या और समाधान दोनों, इसे लेकर सरकार बनाए कानून- भागवत