इंदौर, लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने मंगलवार सुबह इंदौर नगर निगम के बर्खास्त बेलदार रियाजुल हक अंसारी के घर देव छाया अपार्टमेंट स्नेह लता गंज में छापामार कार्यवाही की है। बताया गया है कि जांच के दौरान टीम को रियाजुल और उसके परिजनों के नाम से फ्लैट, प्लॉट और दुकान होने की जानकारी मिली है, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ से अधिक बताईगई है। खबर लिखे जाने तक मिली जानकारी के अनुसार टीम को यहॉ से देव छाया अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 303, 404 एवं पेंटहाउस मिला। वही पाकिजा लाइफस्टाइल में एक प्लाट ए-22 जिसमें वर्तमान में मकान निर्माणाधीन है, ओर 78.79 नाहर शाहवली कंपाउंड, खजराना में बहन के नाम पर मकान, इसके साथ ही जेल रोड में एक दुकान जिसे बेच दिया गया है, इनकी जानकारी मिली है। जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान रियाज के घर से इन अचल संपत्ति के साथ सोने, चांदी के गहनों के साथ 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए है। इसके अलावा बैंकों में खाते होने की जानकारी भी प्राप्त हुई है, जिनकी जांच आगे की जाएगी। बर्खास्त बेलदार के घर के पास से एक डस्टर कार और दो टू व्हीलर वाहन भी मिले हैं। वही रियाजुल के घर लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद यह भी पता चला कि साल 2003 में रियाजुल की नौकरी इंदौर नगर निगम में लगी थी, इंदौर नगर निगम आयुक्त आशीष सिंह ने 20 दिसंबर को ही बेलदार को बर्खास्त कर दिया था। उसने नगर निगम की छवि धूमिल करने के साथ अफसरों के खिलाफ बयानबाजी भी की थी। हालांकि 8 दिन पहले उसकी बहाली हो गई थी। वर्तमान में वह जोन क्रमांक-5 में कार्यरत है। जांच के बाद कार्यवाही मे ओर भी कई खुलासे होने की बात कही जा रही है।
इंदौर ननि का बर्खास्त बेलदार लोकायुक्त के छापे में निकला करोडपति