देश छोड़कर भागे दुष्कर्म के हाई प्रोफाइल आरोपी नित्यानंद का कोई सुराग नहीं, सभी दूतावास अलर्ट पर

नई दिल्ली, दुष्कर्म और हत्या पर सड़क से संसद तक घमासान के बीच देश छोड़कर भागे दुष्कर्म के हाई प्रोफाइल आरोपी स्वामी नित्यानंद का कोई सुराग नहीं। पुलिस और एजेंसियों को भनक तक नहीं लगी और अपनी शिष्याओं से दुष्कर्म का आरोपी नित्यानंद देश छोड़ कर चला गया। इतना ही नहीं वीडियो के जरिए एजेंसियों को चुनौती भी दी है। विदेश मंत्रालय ने सभी देशों में भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों को अलर्ट कर दिया है। एक वीडियो संदेश में नित्यानंद ने कहा है कि कोई भी अदालत उसे सजा देकर सच बोलने से नहीं रोक सकती। नित्यानंद के मुताबिक वह भगवान शिव का परम रूप है और इस सच को दुनिया को बताना चाहता है। पिछले हफ्ते एक वेबसाइट पर इक्वाडोर में हजारों एकड़ जमीन खरीद कर उसे कैलाश नामक हिंदू राष्ट्र बनाने का दावा करने के बाद नित्यानंद चर्चा में आया था। इसका संज्ञान लेते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि इक्वाडोर सरकार ने नित्यानंद के वहां होने से इनकार किया है। मंत्रालय ने कहा कि नित्यानंद किस देश में है इसकी भी जानकारी नहीं है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि किसी एजेंसी ने इस भगोड़े स्वामी का पता लगाने के मामले में संपर्क नहीं किया है। वहीं सरकार ने इक्वाडोर में नित्यानंद के अलग देश बनाने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *