नागपुर, मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और के.एल. राहुल के शानदार अर्धशतक के बाद दीपक चहर की घातक गेंदबाज़ी की बदौलत भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 श्रृंखला के तीसरे और अंतिम मैच में बांग्लादेश पर 30 रन से जीत हांसिल की। बांग्लादेश की तरफ से मुहमद नईम ने शानदार 81 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की उन्हें शिवम दुबे ने बोल्ड कर दिया। मोहम्मद मिथुन ने 27 रन का योगदान दिया। बाकी के बल्लेबाज़ दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाए। भारत की तरफ से दीपक चहर ने 3.2 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट लिए। युज़वेंद्र चहल को एक और शिवम दुबे को 3 विकेट मिले। बांग्लादेश की टीम 19.2 ओवर में 144 रन ही बना सकी।
इससे पहले भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 174 रन बनाए । बांग्लादेश ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया। बांग्लादेश का यह फैसला उस वक्त सही नजर आया जब बेहतरीन फॉर्म में चल रहे रोहित शर्मा दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शफीउल इस्लाम द्वारा बोल्ड कर दिए गए। शिखर धवन भी 16 गेंदों में चार चौके की सहायता से 19 रन बनाकर शफीउल इस्लाम की गेंद पर महमुदुल्लाह द्वारा लपक लिए गए।
इसके बाद केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्कोर 12।1 ओवर में 93 रन तक पहुंचा दिया। केएल राहुल को अमीन होसैन की गेंद पर लिटन दास ने लपक लिया। राहुल ने 35 गेंदों में 7 चौके की सहायता से 52 रन बनाए। श्रेयस अय्यर को सौम्यसरकार ने लिटन दास के हाथों कैच कराया। अय्यर ने शानदार खेल दिखाते हुए 33 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के की सहायता से 62 रन बनाए। ऋषभ पंत एक बार फिर नाकाम रहे और मात्र 6 रन बना सके। लेकिन अंतिम ओवर्स में मनीष पांडे ने 13 गेंदों में तीन चौके की सहायता से 22 नाबाद रन बनाकर स्कोर 174 तक पहुंचाने में सहयोग किया। शिवम दुबे 8 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश के लिए इस्लाम और सौम्य सरकार ने दो-दो विकेट लिए। होसैन को एक विकेट मिला।
श्रेयस अय्यर का बल्ले और चहर का गेंद से कमाल भारत ने बांग्लादेश को हराकर जीती सीरीज