इन्दौर, भारत और बांग्लादेश के बीच 14 से 18 नवंबर तक इन्दौर के होलकर स्टेडियम में खेले जाने वाले टेस्ट मैच के लिए रविवार 3 नवम्बर को शाम 6 बजे से सामान्य श्रेणी के गैलरी, पवैलियन व महिला ब्लॉक के ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग शुरू होगी। www.paytm.com और www.insider.in वेबसाइटों के अलावा इनके के मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए टिकट बुक किए जा सकते हैं। एमपीसीए सचिव संजीव राव ने बताया कि विद्यार्थियों की छूट व दिव्यांगों की श्रेणी को छोड़कर सामान्य श्रेणी के गैलरी, पवैलियन व महिला ब्लॉक के टिकटों की बुकिंग 10 नवम्बर की शाम 6 बजे तक जारी रहेगी, इसके पूर्व यदि टिकट खत्म हो जाते है, तो बुकिंग बंद कर दी जायेगी। हालांकि, एमपीसीए परिस्थितियों के आधार पर कट-ऑफ समय बढ़ा सकता है, या यह तय कर सकता है कि ऑनलाइन टिकटों की बिक्री फिर शुरू करनी है या नहीं। ऑनलाइन बुक किये गये टिकटों का वितरण ब्लूडार्ट कूरियर के माध्यम से 8 नवम्बर से किया जायेगा। कूरियर डिलीवरी ऑनलाइन टिकटिंग एजेंसी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि एक ई-मेल आईडी से अधिकतम चार टिकट खरीदे जा सकेंगे। इसके बाद 24 घंटे के लिए ई-मेल ब्लॉक हो जायेगा। 3 वर्ष की आयु तक के बच्चों को टिकट की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि 3 वर्ष तक के किसी भी बच्चे को कोई अलग कुर्सी / स्थान नहीं दिया जाएगा। ‘सीट चयन’ प्रणाली नहीं रखी गयी है। टिकट किसी भी श्रेणी के लिए रेंडमली आवंटित किए जाएंगे।
संजीव राव ने बताया कि टिकट खरीदने वाले व्यक्ति को टिकट खरीदते समय व्यक्तिगत पहचान जैसे कि आधार नंबर / पैन कार्ड नंबर / ड्राइविंग लाइसेंस नंबर / पासपोर्ट नंबर आदि) प्रस्तुत करना होगा। टिकट एक बार बुक करने पर वापस नहीं किया जाएगा, जब तक कि विशेष परिस्थिति में एमपीसीए द्वारा अधिसूचित नहीं किया जाता है। स्टेडियम में प्रवेश नियमों और शर्तों के अधीन होगा, जो टिकट के पीछे की तरफ या किसी अन्य मानक के रूप में प्रकाशित होंगे। संजीव राव के अनुसार एमपीसीए ऑनलाइन प्रबंधन शुल्क वहन करेगा, जबकि उपभोक्ता को भुगतान गेटवे शुल्क, कर के साथ और कूरियर पुनर्वितरण शुल्क वहन करना होगा, जिसका विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
संजीव राव ने बताया कि महिला ब्लॉक में केवल महिलाओं को ही प्रवेश दिया जायेगा। 3 से 12 वर्ष आयु के पुरूष बच्चे को इस ब्लॉक में सीट मिल सकती है, उसके लिए पृथक से टिकट लेना होगा। यदि कोई भी पुरुष व्यक्ति (12 वर्ष तक के बच्चे के अलावा) ‘गलती से’ खरीदे गए टिकट के साथ भी इस क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश करता है, तो एमपीसीए स्टेडियम के अंदर ऐसे व्यक्ति को प्रवेश प्रदान नहीं करेगा। एमपीसीए खरीदी गई टिकट को वापस नहीं करेगी। महिलाओं की तरह ही एमपीसीए ने दिव्यांगों के लिए अलग से व्यवस्था की है। दिव्यांगों के लिए मैच देखने के साथ ही टिकट खरीदी के लिए भी अलग व्यवस्था रहेगी। दिव्यांग श्रेणी के दर्शकों के लिए टिकट बिक्री काउंटर से होगी। इधर, विद्यार्थी छूट के टिकटों के लिए ऑनलाईन पंजीयन शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शुरू हुए, देर शाम तक पंजीयन की लिंक खुली हुई थी।
होलकर स्टेडियम में टिकटों की दरें इस प्रकार रखी गई है :-
:: साउथ पैवेलियन ::
लोवर गैलरी – 1476
अपर गैलरी – 1845
:: गैलरी ::
ईस्ट स्टैंड (लोअर) – 315
ईस्ट स्टैंड (प्रथम व द्वितीय श्रेणी) – 525
वेस्ट स्टैंड (लोअर) – 420
वेस्ट स्टैंड (प्रथम व द्वितीय श्रेणी) – 738
विद्यार्थी छूट
ईस्ट स्टैंड (लोअर) – 262.50
ईस्ट स्टैंड (प्रथम व द्वितीय श्रेणी) – 472.50
वेस्ट स्टैंड (लोअर) – 367.50
महिला ब्लॉक
साउथ पवैलियन – 1476
वेस्ट गैलरी – 420
दिव्यांग ब्लॉक
साउथ पवैलियन – 525
वेस्ट गैलरी 210
भारत-बांग्लादेश टेस्ट के लिए कल से होगी टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग, एक ई-मेल आईडी से मिलेंगे चार टिकट