शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले अंर्तराज्यीय गिरोह को सायबर सेल पुलिस ने पकड़ा

जबलपुर, जबलपुर के सायबर सेल ने फर्जी दस्तावेज के कार्यालय का रजिस्ट्रेशन कराकर शादी कराने के नाम पर ठगी कर रहे अंर्तराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी बिहार, छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश के बताये गये है। पुलिस अधीक्षक राज्य सायबर सेल जबलपुर अंकित शुक्ला ने बताया कि थाना राज्य सायबर सेल में शिकायताकर्ता गुप्तेश्वर निवासी संजय सिंह ने एक अपराध दर्ज कराया। जिसमें उसमें उसने कहा था कि उसने स्वयं की शादी के लिये जीवन साथी डॉट कॉम पर रजिस्ट्रेशन कराया था। रजिस्ट्रेशन के कुछ महीने बाद जीवन जोड़ी मैट्रीमोनियल से फोन कर आवेदक को शादी करने के लिये जीवन जोड़ी मैट्रीमोनियल साइट पर रजिस्ट्रेशन फीस 5 हजार रुपये भरवाकर शादी के लिये लडकियों के फोटोग्राफ्स भेजे गये। आवेदक द्वारा लडकी पसंद करने के बाद जीवन जोड़ी मैट्रीमोनियल द्वारा लड़की का मोबाइल नंबर प्रदाय किया गया। लड़की ने स्वयं को तनुजा ठाकुर निवासी रीवा बताकर आवेदक से फर्जी तरीके से प्रलोभित करते हुये बातचीत की गई एवं स्वयं की जरूरतों को पूरा करने के लिये ठगी कर करीबन 6 लाख 50 हजार रुपये विभिन्न खातों पर ट्रांसफर करा लिये गये। आवेदक की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुये जांच की जाकर अज्ञात आरोपीगण के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया। प्रकरण की विवेचना निरीक्षक विपिन ताम्रकार द्वारा की गई इस दौरान साक्ष्यों एवं तकनीकी विवेचना के आधार पर आरोपियों की पतासाजी के लिये एक विवेचना टीम जिसमें उपनिरीक्षक श्वेता सिंह, उपनिरीक्षक पंकज साहू, आरक्षक अजीत गौतम एवं आरक्षक आसिफ खान शामिल थे, जिन्हें छत्तीसगढ रवाना किया गया।
जीवन जोड़ी डॉटकॉम से चल रहा था फर्जी आफिस
विवेचना टीम द्वारा आरोपीगण समयलाल जायसवाल को रायपुर, राजेश जांगडे को दुर्ग, एवं आरोपिया वीणा देवांगन एवं पूजा साहू को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया जाकर अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ की गई जिन्होंने पूछताछ में बताया कि आरोपीगण द्वारा मिलकर राजनांदगांव मे एक किराये के कमरे मे बेस्ट मैट्रीमोनी एवं जीवन जोडी डॉट कॉम के नाम से फर्जी मैट्रीमोनियल ऑफिस का संचालन अक्टूबर 2018 से किया जा रहा था।
आरोपीगण द्वारा अन्य शादी की साइट्स से इच्छुक व्यक्तियों के नाम फोटो एवं अन्य जानकारी निकालकर उनसे संपर्क कर शादी करने के लिये फर्जी लड़कियों के फोटोग्राफ्स भेजकर ऑफिस मे काम करने वाली उपरोक्त आरोपी लडकियां ही बात कर शादी का प्रलोभन देकर विभिन्न खातों मे पैसे ट्रांसफर करवाती थीं। आरोपीगण से घटना मे प्रयुक्त मोबाइल, एटीएम कार्ड एवं धोखाधड़ी कर प्राप्त उपरोक्त आरोपीगण से ठगी की राशि जप्त की गई एवं आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल रिमान्ड पर भेजा गया। प्रकरण मे अन्य आरोपीगण की तलाश जारी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *