नई दिल्ली, अब यहां का फिरोजशाह कोटला स्टेडियम दिवंगत पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली के नाम से जाना जाएगा। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने मंगलवार को फिरोजशाह कोटला का नाम अपने पूर्व अध्यक्ष और देश के पूर्व वित्त मंत्री जेटली के नाम पर रखने का फैसला किया। जेटली का पिछले सप्ताह शनिवार को निधन हो गया था। इस स्टेडियम को नया नामकरण 12 सितंबर को एक समारोह में किया जाएगा।
इसमें एक स्टैंड का नाम भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम पर भी रखा जाएगा, जिसकी पूर्व में घोषणा की गई थी। डीडीसीए अध्यक्ष रजत शर्मा ने कहा, ‘वह जेटली का सहयोग और प्रोत्साहन था जो कि विराट कोहली, वीरेंदर सहवाग, गौतम गंभीर, आशीष नेहरा, ऋषभ पंत और कई अन्य खिलाड़ियों ने भारत को गौरवान्वित किया।’
स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने और दर्शक क्षमता बढ़ाने के साथ विश्वस्तरीय ड्रेसिंग रूम बनवाने का श्रेय भी जेटली को जाता है। स्टेडियम का नामकरण समारोह जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगा, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह और खेल मंत्री किरन रिजिजू भी हिस्सा लेंगे।
वहीं बीसीसीआई ने भी जेटली की राज्य क्रिकेट प्रशासन में बदलाव लाने के लिए भी प्रशंसा की थी। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा था, ‘दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष के रूप में लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्रिकेट ढांचे में काफी बदलाव किया। वह क्रिकेटरों के हमेशा करीबी मित्र रहे और हमेशा उनके साथ खड़े रहे, उन्होंने उन्हें प्रोत्साहित किया और उनका समर्थन किया। बीसीसीआई उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता है।’
जब जेटली डीडीसीए के अध्यक्ष थे, तब दिल्ली और आसपास के क्षेत्र से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभरे।
फिरोजशाह कोटला स्टेडियम का नाम बदलकर अब अरुण जेटली के नाम पर रखा जाएगा