मुंबई, इस साल के दूसरे भाग में ऐसी कई सारी फिल्में आने वाली हैं, जिनमें महिलाएं सशक्त रूप में नजर आएंगी। साल 2019 के अगले भाग में प्रियंका चोपड़ा जोनस, करीना कपूर खान, तब्बू, विद्या बालन, तापसी पन्नू और ऐसी ही कई अभिनेत्रियों की महिला प्रधान फिल्में देखने को मिलेंगी। इस नारी शक्ति का आगाज अगस्त में रिलीज होने वाली फिल्म ‘मिशन मंगल’ से हो गया है। इसमें विद्या बालन, तापसी पन्नू, सोनाक्षी सिन्हा, नित्या मेनन और कीर्ति कुलहरि जैसी अभिनेत्रियों ने अहम भूमिका निभाई है। अब अगले माह सितंबर में सोनम कपूर स्टारर फिल्म ‘द जोया फैक्टर’ की बारी है, यह फिल्म उपन्यासकार अनुजा चौहान की किताब पर आधारित है और दोनों के नाम भी समान हैं। सितंबर में ही मनीषा कोइराला ‘प्रस्थानम’ से अपनी वापसी करने जा रही हैं। इसमें वह संजय दत्त की पत्नी की भूमिका अदा करेंगी। यह तेलुगू फिल्म ‘प्रस्थानम’ की हिंदी रीमेक है। इस रीमेक में मनीषा के साथ अमायरा दस्तूर भी नजर आएंगी। अक्टूबर में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ‘द स्काइ इज पिंक’ से सिल्वर स्क्रीन पर अपनी वापसी करेंगी। प्रियंका इस फिल्म की सह-निर्माता भी हैं। वहीं अक्टूबर में ‘सांड की आंख’ भी रिलीज होने वाली है, जिसमें तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिकाओं में हैं। इतना ही नहीं, अक्टूबर से दिसंबर के बीच भूमि ‘भूत-पार्ट वन : द हॉन्टेड शिप’, ‘बाला’ और ‘पति पत्नी और वो’ जैसी फिल्मों में भी नजर आने वाली हैं। फिल्म ‘बाला’ में अभिनेत्री यामी गौतम भी भूमि के साथ अपने अभिनय का प्रदर्शन करते नजर आएंगी।
नंवबर के अंत में आने वाली फिल्म ‘जवानी जानेमन’ में दिग्गज अभिनेत्री तब्बू नजर आएंगी। पूजा बेदी की बेटी आलिया एफ. भी इस फिल्म से डेब्यू करने वाली हैं। दिसंबर में कुछ अलग तरह की मनोरंजक फिल्में आएगी जिसमें ‘पानीपत’, ‘पति पत्नी और वो’ और ‘दबंग 3’ शामिल है। ‘दबंग 3’ से महेश मांजरेकर की बेटी साईं इंडस्ट्री में कदम रखने जा रही । वहीं दिसंबर में रिलीज होने वाली फिल्म ‘गुड न्यूज’ से करीना कपूर खान एक साल के ब्रेक के बाद अपनी वापसी करेंगी। इसमें उनके साथ अभिनेत्री कियारा आडवाणी भी नजर आएंगी।
अब बॉलीवुड में इस साल आ रही फिल्मों में रहेगा महिला नायिकाओं का बोलबाला