दंतेवाड़ा, गुरुवार को एक ओर जहां देश रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मना रहा था, तो दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में एक बहन नक्सली हमले में शहीद हुए अपने भाई को याद कर रही थी। ऐसे में इस साल भाई के नहीं होने पर बहन ने उसकी बंदूक को राखी बांधी। कॉन्स्टेबल कविता कौशल पिछले साल दंतेवाड़ा के नक्सली हमले में शहीद हुए असिस्टेंट कॉन्स्टेबल राकेश कौशल की बहन हैं। बता दें कि अक्टूबर 2018 को हुए इस हमले में राकेश के साथ दो अन्य पुलिसकर्मी और दूरदर्शन के कैमरामैन की जान चली गई थी।जिसके बाद कविता को अपने भाई की जगह पुलिस में नौकरी मिली है। खास बात यह है कि उन्हें वही बंदूक दी गई है, जो उनके भाई को अलॉट की गई थी। गुरुवार को कविता ने सामने भाई की तस्वीर रखकर इसी बंदूक को राखी बांधी। कविता ने कहा, ‘मुझे अपने भाई की जगह नौकरी मिली है। मैंने विभाग से अनुरोध किया था कि मुझे मेरे भाई की बंदूक ही दी जाए। नक्सली कायर हैं। मैं दंतेश्वरी फाइटर टीम को जॉइन करना चाहूंगी और अपने भाई की मौत का बदला लेना चाहूंगी।’
शहीद भाई की बंदूक को बहन ने बांधी राखी