लीड्स, विश्व कप क्रिकेट के अंतिम लीग मैच में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से पराजित करके आसान जीत हासिल की। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 264 रन बनाए जिसके जवाब में भारत में 3 विकेट खोकर 42.3 ओवर्स में 265 रन बनाते हुए लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
भारत की इस जीत को आसान बनाया ओपनर के.एल. राहुल और रोहित शर्मा के शतकों ने। रोहित ने विश्व कप में नया रिकॉर्ड बनाते हुए अपना पांचवां शतक बनाया और के।एल। राहुल ने विश्व का पहला शतक बनाया।
भारत की ओपनिंग जोड़ी के.एल. राहुल रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए श्रीलंका के खिलाफ 189 रन की साझेदारी की। दोनों ने मैदान में चारों तरफ बेहतरीन स्ट्रोक लगाए और श्रीलंका को मैच में वापस लौटने का मौका नहीं दिया। पहला विकेट 31वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा जब रोहित शर्मा को कसुन राजिथा ने एंजेलो मैथ्यूज के हाथों कैच करा दिया। रोहित शर्मा ने 94 गेंदों में 14 चौके और दो छक्के की सहायता से 103 रन बनाए। ओपनर के.एल. राहुल में 118 गेंदों ने 11 चौके और एक छक्के की सहायता से 111 रन की पारी खेली। उन्हें मलिंगा ने कुशल परेरा के हाथों 41 वें ओवर में लपकवा दिया। ऋषभ पंत एकमात्र चौका लगाकर इसुरू उदाना की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। विराट कोहली 41 गेंदों में तीन चौके की सहायता से 34 और हार्दिक पंड्या 4 गेंदों में एक चौके की सहायता से 7 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका के लिए लसिथ मलिंगा, कसुन राजिथा और इसुरू उदाना ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले विश्व कप क्रिकेट के अपने अंतिम लीग मैच में लीड्स के हेडिंग्ले ग्राउंड पर टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 264 रन बनाए। श्रीलंका के स्कोर में एंजेलो मैथ्यूज के शानदार शतक का योगदान रहा।
श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती चार विकेट 55 रन के भीतर ही गिर गए। ओपनर दिमुथ करुणारत्ने को जसप्रीत बुमराह ने 10 रन के स्कोर पर धोनी के हाथों कैच करा दिया। कुशल परेरा भी 14 गेंदों में तीन चौके की सहायता से 18 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर धोनी द्वारा लपक लिए गए। विकेट के पीछे आउट होने वाले तीसरे बल्लेबाज थे अविष्का फर्नांडो थे जिन्हें चार चौकों की सहायता से 21 गेंदों में 20 रन बनाने के बाद हार्दिक पंड्या की गेंद पर विकेटकीपर धोनी ने लपक लिया। कुसल मेंडिस भी धोनी का ही शिकार बने जब रवींद्र जडेजा की गेंद पर धोनी ने उन्हें स्टंप कर दिया।
विश्व कप क्रिकेट में विकेट के पीछे लगातार चार बल्लेबाजों को कैच अथवा स्टंप करने वाले धोनी का यह अनोखा रिकॉर्ड है। इसके बाद श्रीलंका संभल गया। एंजेलो मैथ्यूज और लाहिरु थिरिमाने ने पांचवें विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की। जब श्रीलंका का स्कोर 169 रन था उस वक्त लाहिरु थिरिमाने को कुलदीप यादव की गेंद पर रविंद्र जडेजा ने लपक लिया। थिरिमाने ने 68 गेंदों में चार चौके की सहायता से 53 रन बनाए। शतक बनाकर खेल रहे एंजेलो मैथ्यूज जसप्रीत बुमराह के अगले शिकार बने। उन्हें 49 वें ओवर की दूसरी गेंद पर बुमराह ने रोहित शर्मा के हाथों कैच करा दिया। मैथ्यूज ने 128 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के की सहायता से 113 रन बनाए। धनंजय डी सिल्वा 36 गेंदों में एक चौके की सहायता से 29 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की टीम 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 264 रन बनाने में कामयाब रही। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 10 ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार – हार्दिक पंड्या – रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
राहुल और रोहित के शतक, भारत की अंतिम लीग मैच में श्रीलंका पर धमाकेदार 7 विकेट से जीत