मुंबई,साबुन से लेकर एयरोस्पेस बिजनस तक में सक्रिय देश का प्रमुख व्यावसायिक घराना गोदरेज कुछ पारिवारिक अनुबंधों में बदलाव करने पर चर्चा कर रहा है। परिवार की मुख्य कंपनी गोदरेज एंड बॉएस के कुछ भूखंडों के डेवलपमेंट के बारे में परिवार के सदस्यों में मतभेद उभरने के बाद कुछ पारिवारिक अनुबंधों में बदलाव के तरीके तलाशे जा रहे हैं।
मामले से वाकिफ दो अधिकारियों के मुताबिक, ऐसा लग रहा है कि गोदरेज एंड बॉएस के पास परिवार की ज्यादा लैंड होल्डिंग्स होने और ग्रुप की लिस्टेड कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज के इसका कामर्शियल उपयोग करने को लेकर ही असल विवाद है। जमशेद गोदरेज परिवार भूखंडों के बहुत ज्यादा डेवलपमेंट के पक्ष में नहीं है, वहीं आदि गोदरेज और उनके भाई नादिर गोदरेज की राय उलट बताई जा रही है। गोदरेज प्रॉपर्टीज ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह मुंबई में एक बड़ी डेवलपर बनना चाहती है। एक अधिकारी ने बताया मोटे तौर पर रणनीति पर विवाद नहीं है, लेकिन आदि के कजन जमशेद ने इस पर तस्वीर और साफ करने को कहा है। जिनके बच्चे अब सक्रिय भूमिका में नहीं हैं। जमशेद गोदरेज के बेटे नवरोज गोदरेज ने गोदरेज एंड बॉएस में एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर का पद छोड़ दिया है। माना जा रहा था कि इसकी कमान उन्हीं के हाथ में जाएगी। हालांकि उनके पद छोड़ने से उनकी कजन नायरिका होल्कर के लीडरशिप रोल में जाने का रास्ता साफ हो गया है।
ग्रुप के एक प्रवक्ता ने कहा कि परिवार के दोनों पक्ष गुरुवार को एक बयान जारी करेंगे। बातचीत में शामिल एक अन्य व्यक्ति ने बताया कुछ बातचीत हुई है। यह जटिल स्ट्रक्चर है। मेन होल्डिंग कंपनी गोदरेज एंड बॉएस पर गोदरेज परिवार का नियंत्रण है। इस कंपनी के पास काफी जमीन है।
सूत्रों ने बताया परिवार ने कुछ फेमिली एग्रीमेंट्स में बदलाव की जटिल प्रक्रिया समझने और नए करार करने के लिए बाहरी सलाहकारों की मदद ली है। मंगलवार देर शाम टीवी रिपोर्ट्स में संकेत दिया गया था कि परिवार ने सिरिल अमरचंद मंगलदास के फाउंडर सिरिल श्रॉफ के अलावा जिया मोदी और जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन निमेश कंपानी से मदद मांगी है।
परिवार ने कोटक महिंद्रा बैंक के एमडी और सीईओ उदय कोटक से भी मदद मांगी है। गोदरेज एंड बॉएस के पास 3,400 एकड़ से ज्यादा जमीन मुंबई में है। इसमें से 3 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन विक्रोली में जबकि बाकी भांडुप और नाहुर में है। इस ग्रुप की रियल एस्टेट फर्म गोदरेज प्रॉपर्टीज एक डेवलपमेंट मैनेजमेंट एग्रीमेंट के तहत इन भूखंडों को डिवेलप कर रही है। गोदरेज एंड बॉएस के साथ समझौते के तहत गोदरेज प्रॉपर्टीज प्रॉजेक्ट की 10-15 प्रतिशत आमदनी लैंड ओनर को देती है। आदि और नादिर गोदरेज इस ग्रुप की तीन लिस्टेड कंपनियों गोदरेज कन्ज्यूमर प्रॉडक्ट्स लिमिटेड, गोदरेज प्रॉपर्टीज और गोदरेज ऐग्रोवेट को कंट्रोल करते हैं। होल्डिंग कंपनी गोदरेज ऐंड बॉएस पर परिवार के सभी सदस्यों का मालिकाना हक है और जमशेद गोदरेज इसके चेयरमैन हैं।
व्यावसायिक घराने गोदरेज में भूखंडों पर विवाद के बाद परिवार दो समूहों में बंटा