भोपाल,राजधानी के मिसरोद थाना इलाके में शनिवार सुबह कार और ट्रक की आने सामने हुई जोरदार भिडंत में दो लोगों की मौत हो गई। जानलेवा हादसे में तीन की हालत गंभीर बताई गई है। जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। भयानक हादसे की खबर लिखे जाने तक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सफेद रंग की कार में सवार पांच लोग भोपाल से सागर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने बताया बाग सेवनिया इलाके में तेज रफतार से आ रहे ट्रक की आमने सामने जोरदार भिडंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक से टकराई कार सड़क के नीचे गड्ढे में जाकर बुरी तरह से चकनाचूर हो गई। पुलिस ने बताया कि कार में पांच पुरुष सवार थे जिनमें से दो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पहुची पुलिस टीम ने तीन घायलों को जैसे तैसे कार से निकाल कर उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है। डाक्टरों के मुताबिक तीनों घायलों की हालत हादसे में घातक चोटें आने से नाजुक बनी हुई है। थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को पीएम के लिए मरचुरी भेजते हुए आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। अफसरों ने बताया कि मृतकों की पहचान जुटाने के साथ ही ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस कार नंबर के आधार पर उसकी पहचान जुटाने के प्रयास कर रही है।
ट्रक और कार की आमने सामने से भिडंत में दो की मौत, तीन गंभीर