लखनऊ, एक्जिट पोल में केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के कयासों के बीच गठबंधन सहयोगी बसपा प्रमुख मायावती से सोमवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुलाकात की। लोकसभा चुनाव से पहले उप्र में सपा, बसपा और रालोद ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। अखिलेश आज दोपहर बसपा प्रमुख के घर पहुंचे और दोनो नेताओं के बीच एक घंटे तक बात हुई। दोनांे नेताओं के बीच बातचीत के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पायी है। इससे पहले शनिवार को तेदेपा अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने अखिलेश यादव और मायावती से लखनऊ में अलग-अलग मुलाकात की थी। इन नेताओं ने किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत न मिलने के बाद की संभावनाओं पर विस्तार से विचार विमर्श किया था।
विदित हो कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन होने के बाद बसपा ने 38 सीटों पर और सपा ने 37 सीटों पर तथा तीन सीटो पर रालोद ने चुनाव लड़ा था। इसके अलावा गठबंधन ने कांग्रेस का गढ़ समझी जाने वाली अमेठी सीट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिये तथा रायबरेली सीट यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिये छोड़ दी थी। सोमवार को आये एक्जिट पोल में 17 वीं लोकसभा में एनडीए गठबंधन को तीन सौ से अधिक सीटे मिलने के कयासों के बीच सपा व बसपा प्रमुख आज अचानक मिलें और विचार विमर्श किया।
बसपा प्रमुख मायावती से मुलाकात के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश पार्टी मुख्यालय पहुंचे और दल के नेताओं से चुनाव परिणामों के बाद की रणनीति पर चर्चा की। आमतौर पर कार्यकर्ताओं की भीड़ से गुलजार रहने वाले सपा दफ्तर पर आज सुबह चंद कार्यकर्ता ही नजर आये। वे चुनाव नतीजों और पार्टी की भविष्य की सम्भावनाओं पर चर्चा में मशगूल दिखे।
एक्जिट पोल के बाद अखिलेश और मायावती की मुलाकात, एक घण्टे चली सियासी चर्चा