अमेरिका की फास्ट फूड कंपनी टैको बैल भारत में खोलेगी 600 रेस्तरां

नई दिल्ली, अमरीकी फास्ट फूड कंपनी यम ब्रांड भारत में टैको बैल के 600 रेस्तरा खोलने की तैयारी कर रही है। पिज्जा हट, केएफसी जैसी प्रसिद्ध कंपनियों का संचालन के पीछे यम ब्रांड का ही हाथ है। कंपनी के इस फैसले से भारत में 20 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। टैको बैल के इंटरनेशनल प्रेसीडेंट लिज विलियम्स ने घोषणा की कि उन्होंने बर्मन हॉस्पिटैलिटी के साथ एक मास्टर फ्रैंचाइजी एग्रीमैंट पर साइन किए हैं। विलियम्स ने कहा, ‘हम भारत में आने वाले 10 सालों में 600 रेस्तरां खोलने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल अकेले अमरीका में टैको बैल के 7 हजार रेस्तरां हैं जबकि बाकी 500 रेस्तरां दुनिया के अलग-अलग देशों में खोले गए हैं।’ टैको बैल ने सबसे पहले 2010 में भारत में प्रवेश किया और यहां पर अपने रेस्तरां खोले। इसने 5 साल बाद फ्रैंचाइजी पार्टनर के रूप में बर्मन हॉस्पिटैलिटी के साथ हस्ताक्षर किए जिसके चलते पूरे देश में इसके 35 रेस्तरां खुले हैं।
नेशनल रेस्तरां एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने पिछले सप्ताह एक रिपोर्ट में कहा था कि भारतीय रेस्तरां उद्योग ने 2018-19 में 7.3 मिलियन लोगों को रोजगार दिया और संगठित खाद्य सेवा क्षेत्र ने करों में 18 हजार करोड़ रुपए का योगदान दिया। एसोसिएशन ने कहा कि 2018-19 में भारतीय फूड सर्विस मार्किट का लगभग 4,23,865 करोड़ रुपए है, जो 2022-23 तक बढ़कर 5,99,782 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। बर्मन हॉस्पिटैलिटी के निदेशक गौरव बर्मन के अनुसार एक स्टोर पर लगभग 3 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा। मास्टर फ्रैंचाइजी समझौते के हिस्से के रूप में बर्मन हॉस्पिटैलिटी में प्रवेश स्तर के टीम के सदस्यों, रेस्तरां प्रबंधन और स्टोर पदों सहित 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। हम आईटी, वित्त, सप्लाई चेन और रखरखाव जैसे कार्यों में भी लोगों को अतिरिक्त नौकरियां देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *